साहिबगंज
साहिबगंज में एथलेटिक्स को नयी पहचान दिलाने वाले कोच योगेश यादव पिछले दो दशकों से खिलाड़ियों को तराशने का कार्य कर रहे हैं. वर्ष 2003 से 2006 तक उन्होंने बतौर डिप्लोमा एथलेटिक्स कोच जिले के खिलाड़ियों को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया. वर्ष 2006 में डे बोर्डिंग एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. बाद में सिदो-कान्हू स्टेडियम में आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र की स्वीकृति दिलाने में भी उन्होंने योगदान दिया. उनके मार्गदर्शन में प्रेम हांसदा, झादे हांसदा, संतोष मुर्मू, एमानुएल किस्कू, अश्विन नागद्वार समेत कई खिलाड़ियों ने स्कूल नेशनल प्रतियोगिताओं में राज्य को पदक दिलाया. वहीं दर्जनों खिलाड़ियों ने पूर्वी क्षेत्र जूनियर नेशनल और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. वर्ष 2025 में साहिबगंज की अंडर-14 टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का विजेता तथा अंडर-17 टीम को उपविजेता बनाने में उनकी अहम भूमिका रही. खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ उन्होंने सिदो-कान्हू स्टेडियम विस्तार, 50 बेड खेल छात्रावास और फूलो-झानो इंडोर स्टेडियम जैसी खेल संरचनाओं के विकास में भी योगदान दिया. योगेश यादव राष्ट्रीय खेलों, खेलो इंडिया और अंतरराष्ट्रीय सैफ एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में तकनीकी पदाधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
