SIR के बीच बरहरवा पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बोले- न छूटे एक भी पात्र मतदाता

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बरहरवा प्रखंड पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि 186 केंद्रों पर 27,082 मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन हो रहा है और सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से बाहर न रहे.

प्रतिनिधि, बरहरवा. झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शनिवार को साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड कार्यालय पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया. उनके साथ साहिबगंज डीसी दीपक दुबे भी मौजूद रहे. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सबसे पहले प्रखंड कार्यालय में एसआईआर के तहत चल रहे दस्तावेज सत्यापन कार्य की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

बेलपहाड़ी और इस्लामपुर पहुंचकर बूथ का किया निरीक्षण

प्रखंड कार्यालय में समीक्षा के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहरवा प्रखंड के बेलपहाड़ी गांव पहुंचे. यहां उन्होंने एसआईआर कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद आहुतग्राम के इस्लामपुर गांव पहुंचकर बूथ का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद कर्मियों से आवश्यक जानकारी ली.

दस्तावेजों की जांच में लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान के. रवि कुमार ने एसआईआर कार्य में लगे बीडीओ, सीओ, बीएलओ सहित अन्य कर्मियों से दस्तावेज सत्यापन की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि सत्यापन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. सभी योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराये जा रहे आवश्यक दस्तावेजों की सही तरीके से जांच करने के बाद ही सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाए.

मैपिंग नहीं होने वाले मतदाताओं के दस्तावेजों का करें सत्यापन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं का पुरानी मतदाता सूची से लिंक अथवा मैपिंग नहीं हो पायी है, उनके मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर सत्यापन कार्य में तेजी लायी जाए. उन्होंने मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया.

186 मतदान केंद्रों के 27,082 मतदाताओं का हो रहा सत्यापन

विदित हो कि बरहरवा प्रखंड क्षेत्र में एसआईआर के तहत 186 मतदान केंद्रों के करीब 27,082 मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है. इनमें वैसे मतदाता भी शामिल हैं, जिनका नाम पुरानी मतदाता सूची से लिंक अथवा मैपिंग नहीं हो पाया है. ऐसे मतदाताओं से जन्म, निवास सहित अन्य निर्धारित दस्तावेज लेकर उनके विवरण का सत्यापन किया जा रहा है.

समन्वय के साथ समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों एवं बीएलओ को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय सीमा में एसआईआर का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए. उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों को मतदाताओं की समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bikash jaswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >