मंडरो
मिर्जाचौकी थाना के बसहा बहियार में संदिग्ध परिस्थिति में मरांग टुडू का शव मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक की पत्नी तनी चौड़े के बयान पर मिर्जाचौकी पुलिस ने कांड संख्या 48/26 दर्ज कर अज्ञात अपराधी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मृतक की पत्नी तनी चौड़े से शव की पहचान करायी है. मालूम हो कि मृतक सरकंडा के घटवार टोला का रहनेवाला था. पत्नी के अनुसार वह कुछ दिन पहले बसहा गांव में भोज खाने आया था. साथ ही मृतक की पत्नी का कहना है कि मृतक मिर्गी बीमारी से पीड़ित था. मिर्जाचौकी पुलिस ने शव को संदिग्ध अवस्था में अर्धनग्न बरामद किया था. मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान भी पाए गए हैं. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके. पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है. इधर गांव में भी घटना को लेकर शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है.
