प्रतिनिधि, बरहेट .बरहेट प्रखंड क्षेत्र के गोपलाडीह स्थित फुटबॉल मैदान में मंगलवार को न्यू रंगीला स्पोर्टिंग क्लब, गोपलाडीह की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ. टूर्नामेंट के पहले ही दिन मैदान खेल प्रेमियों और दर्शकों की भारी भीड़ से खचाखच भरा रहा. मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों में खासा उत्साह पैदा किया.
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी, जिला संगठन सचिव छवि हेंब्रम और देव सोरेन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. उद्घाटन के बाद अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर मुकाबले की शुरुआत की.
पहले मुकाबले में दलदली और राजधानी की टीम आमने-सामने
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला जे.जे.सी. दलदली और राजधानी केक की टीम के बीच खेला गया. मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने गोल करने के कई शानदार मौके बनाये.
हालांकि खिलाड़ियों की मुस्तैदी और गोलकीपरों के बेहतरीन बचाव के कारण मुकाबला रोमांचक बना रहा. मैदान के चारों ओर मौजूद दर्शक हर शानदार मूव और गोल के प्रयास पर तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे.
खेल से अनुशासन और एकता की भावना होती है मजबूत
उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, बेहतर स्वास्थ्य और सामूहिक एकता की भावना विकसित होती है.
उन्होंने कहा कि बरहेट प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. न्यू रंगीला स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित यह टूर्नामेंट सराहनीय पहल है. ऐसे आयोजनों से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के होनहार खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलता है.
उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और उनका हौसला बढ़ाया.
तीन दिनों तक मैदान में दिखेगा फुटबॉल का रोमांच
तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर पूरे क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है. पहले दिन से ही बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने से आयोजन स्थल पर खेल का माहौल बना रहा.
आयोजन को सफल बनाने में न्यू रंगीला स्पोर्टिंग क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मौके पर समदा सोरेन, समसुल अंसारी, फिरोज अंसारी समेत क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
