दर्जनों ग्रामीण प्रखंड कार्यालय पहुंच कर बीडीओ व सीओ से की लिखित शिकायत
दोनों अधिकारियों को हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंप कर की राशन दिलाये जाने की मांग
हिरणपुर : प्रखंड के धोपहाड़ी गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय पहुंच कर बीडीओ गिरिजा शंकर महतो से राशन नहीं मिलने की लिखित शिकायत की है. लाभुकों ने हस्ताक्षरित आवेदन में कहा है कि धोपहाड़ी गांव के लोगों को करीब दो वर्षों से राशन और केरोसिन नहीं मिल रहा है. जबकि पहाड़िया जाति के लाभुकों को सरकार की ओर से मुफ्त में अनाज दी जा रही है. हमलोग सरकार के इस योजना से वंचित हैं. कहा कि हम सभी का पूर्व में बीपीएल सूची में नाम अंकित था. इसके बावजूद बीते वर्षों से हम सभी को राशन मिलना बंद हो गया. इसके कारण हमलोगों की स्थिति दयनीय हो गयी है. इसको लेकर पूर्व में भी शिकायत की गयी, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. इस पर बीडीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जायेगा.
सीओ से की पेंशन राशि भुगतान की मांग : धोपहाड़ी गांव के दर्जनों लोगों ने अंचल कार्यालय पहुंच कर पूर्व की पेंशन की राशि अब तक नहीं मिलने की शिकायत सीओ डांगुर कोड़ाह से की. इस पर सीओ ने आश्वासन दिया कि पेंशन की स्वीकृति के लिए सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. जल्द ही इसकी पूरी रिपोर्ट भेजी जायेगी. ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुई तो सड़क पर उतर कर विरोध करने को बाध्य होंगे. मौके पर चांदमुनि पहाड़िन, अनिल पहाड़िया, पानो पहाड़िन, मालोति पहाड़ीन, अनीता पहाड़ीन, निर्मल पहाड़िया आदि मौजूद थे.
