बदहाली Â विकास से उपेक्षित है बोरियो के दर्जनों पहाड़िया गांव
बोरियो : सूबे की सरकार पहाड़िया जाति के विकास को लेकर कई कल्याणकारी योजनाओ के संचालन के करोड़ों खर्च कर रही है बावजूद धरातल पर कार्य नहीं दिख रहा है.
राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत गांव के अंतिम घर तक बिजली पहुंचाने को लेकर करोड़ाें खर्च किये गये ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके लेकिन प्रखंड क्षेत्र बांझी संथाली पंचायत अंतर्गत काशीगुनिया गांव में जीन यापन कर रहे 28 पहाड़िया परिवार आज भी अंधेरे में रात गुजारने को विवश है. उक्त योजना के तहत तीन वर्ष पूर्व गांव में बिजली आपूर्ति करने को लेकर बिजली पोल, तार व ट्रांसफर्मर लगाये गये लेकिन गांव में आज तक बिजली नहीं जली.
जिससे साफतौर पर क्षेत्र के पहाड़िया समुदाय के स्थिति को दर्शाती है. गौरतलब बात तो यह है कि पिछले तीन वर्षों के दौरान एक भी दिन बिजली नहीं जली और बिजली विभाग ने संबंधित बिचौलियों के माध्यम से उक्त गांव के लोगों को हजारों का बिल थमा दिया. क्षेत्र में बिजली विभाग कितने सक्रिय है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है.
केस स्टडी वन
अप्रौल पंचायत क्षेत्र के मारिचो गांव में भी वर्षों से बिजली नहीं जली और विभाग से उक्त गांव में जीवन यापन कर रहे 15 परिवार को हजारों का बिजली बिल भेज दिया.
केस स्टडी टू
जेटके कुम्हरजोरी पंचायत क्षेत्र केक कुम्हरजोरी गांव में जीवन यापन कर रहे दर्जनों परिवार को बिना बिजली जलाये ही विभाग द्वारा बिल भेज दिया गया.
केस स्टडी थ्री
बांझी संथाली पंचायत क्षेत्र के बेडोडंडी, खैरवा पंचायत क्षेत्र के केशुवा टोला, गुरीबेडा, हिंदुडीह, पदनीमाको सहित विभिन्न गांवों में बिजली आपूर्ति को लेकर वर्षों पूर्व बिजली पोल, तार व ट्रांसफर्मर लगाये गये बावजूद उक्त गांव में आज तक बिजली आपूर्ति नहीं हो पायी है.
अब इन लोगो को भी बिजली बिल की चिंता सताने लगी है.
क्या कहते हैं मुखिया
बिना बिजली आपूर्ति के विभाग द्वारा बिल भेजना विभागीय कार्यशैली पर कई सवाल खड़ा कर रहा है. मामले की जांच को लेकर जिलाधिकारी से वार्तालाप की जायेगी.
स्टीफन मुर्मू, मुखिया, बांझी संथाली
कहते हैं सांसद प्रतिनिधि
उक्त गांव में बिजली आपूर्ति सुचारू कराने को लेकर जिलाधिकारी से वार्ता की जायेगी. साथ ही बिजली विभाग के कार्यशैली के विरुद्ध आंदोलन की रणनीति बनायी जायेगी.
वरण किस्कू, सांसद प्रतिनिधि, झामुमो
क्या कहते हैं पदाधिकारी
उक्त मामले की जांच की जायेगी और गांवों में बिजली आपूर्ति नियमित को लेकर कार्य किया जायेगा.
-प्रमोद गुप्ता,
एसडीओ बिजली विभाग
