विचार गोष्ठी. शहर के लोगों ने रखे अपने विचार, सरकार को बताया गरीब विरोधी, कहा
होल्डिंग टैक्स वृद्वि को लेकर आयोजित विचार गोष्ठी में लोगों ने इस निर्णय को सरकार का तुगलकी फरमान बताया. और इसे संशोधित करने की मांग की है.
साहिबगंज : नगर पर्षद द्वारा अचानक शहर के लोगों पर बेतहाशा होल्डिंग टैक्स बढ़ाने को लेकर शुक्रवार को गुल्ली भट्ठा स्थित फौजीलाल सिन्हा सदन में एक दिवसीय विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. मंच का संचालन पूर्व वार्ड पार्षद जय प्रकाश सिन्हा ने किया. बैठक की अध्यक्षता साहिबगंज महाविद्यालय के सेवानिवृत प्रचार्य डॉ शिवशंकर ने किया. अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने झारखंड सरकार के नगर विकास विभाग द्वारा होल्डिंग टैक्स में की जाने वाली संभावित बढ़ोतरी का विरोध किया. वक्ताओं ने कहा कि होल्डिंग टैक्स में अप्रत्याशित वृद्धि होती है तो उग्र आंदोलन किया जायेगा.
मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष राजेश गोंड, अनवर अली, नवीन भगत, राजेश बोगी, चंचल प्रमाणिक , प्रदीप कुमार, अशोक पासवान, विक्की तिवारी, संग्राम सिंह, हरेराम ओझा, भगवती रंजन पांडे, फुटुस ओझा, सुनिल सिन्हा, मुरलीधर ठाकुर, रामजी ठाकुर, मुरलीधर तिवारी, श्याम सुंदर पोद्दार, विनोद यादव, जमुना प्रसाद दास, हरेंन्दर पासवान, गोपाल चोखनी, छोटेलाल चौधरी, महेश तिवारी, सत्यनरायण साह, मनोज प्रसाद, सरिता देवी, गोपाल प्रसाद साह, सतिस प्रसाद, रामनरेश पासवान सहित कई मौजूद थे.
आम नागरिकों के समस्याओं पर विशेष नजर रखकर समाधान किया जायेगा. आम जनता के साथ गलत हो रहा है. एनजीओ द्वारा टैक्स निर्धारण व वसूलने के काम का विरोधी हूं . कानून संगत नगर बोर्ड में मामले को उठा कर न्यायोचित फैसला लिया जायेगा. जिससे यहां गरीब जनता आर्थिक बोझ से बच सके.
राजेश गोंड, अध्यक्ष, नगर पर्षद
पूरे झारखंड में चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा बढ़ते टैक्स का विरोध किया जा रहा है. साहिबगंज में तथा कथित खासमहल का नाम देकर सरकार बड़ी साजिश कर रही है.
नवीण भगत, अध्यक्ष, ईस्टर्न झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स
सरकार ने नहीं बदला फैसला तो होगा आंदोलन
प्रतिशोध मंच कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय है. मंच के माध्यम से सभी संस्थाओं से आग्रह करूंगा की इस छोटी सी नगर पर विशेष नजर रखी जाय. क्योंकि यहां के लोग काफी गरीब तबके के हैं. इसलिए होल्डिंग टैक्स
का जोरदार विरोध होना चाहिए.
– अनवर अली, संरक्षक जिला हज कमेटी
टैक्स बढ़ोतरी कैसे हुआ इस पर कोई बात नहीं आयी है. हमारे शहर का निर्धारण सड़क के हिसाब से हुआ है. जो एजेंसी को थोपा गया है. उसे स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए
– सुरेंद्र तिवारी, समाजिक कार्यकर्ता
नगर विकास टैक्स निर्धारण को लेकर गलत नीति अपनायी जा रही है. मगर नगर विकास संविधान के तहत अपना कार्य करें. कहा कि समय-समय पर टैक्स निर्धारण होता है. जबकि अधिनियम 2001 धारा 82 के तहत टैक्स निर्धारित करने का अधिकार रखता है. परंतु आय म्यूटेशन के नाम पर वसूली हो रही है.
संग्राम सिंह, सेवानिवृत, टैक्स दरोगा नप
व्यापार विहीन शहर में बेतहासा होल्डिंग टैक्स बढ़ाना गलत है. प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास पर नहीं लगे टैक्स वहीं उन्होंने कहा कि अगर होल्डिंग टैक्स लादा गया तो गलत होगा.
– प्रदीप कुमार साह, सचिव, चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज
नगरपालिका बोर्ड कर को कम करने के लिये सक्षम है. जनप्रतिनिधि व आमलोगों को इसका विरोध करना चाहिए. उप समिति बनाकर निर्णय लें.
– चंचल प्रमाणिक, सामाजिक कार्यकर्ता, साहिबगंज
शहर में टैक्स के विरोध में जोरदार आंदोलन होना चाहिए. सरकार तुगलकी फरमान लागू कर काम करना चाहती है. जबकि नगर पर्षद का अपना बोर्ड है और बोर्ड उपसमिति बना कर टैक्स का निर्धारण कर सकती है.
सुनील सिन्हा, नेता, जदयू
टैक्स बढ़ोतरी का सिलसिलेवार विरोध किया जा रहा है. प्रथम चरण में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. अब मंच के माध्यम से विचार संग्रह कर लिया गया है. सरकार के खिलाफ टैक्स निर्धारण पर जमकर विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. लोग सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे.
– मुरलीधर तिवारी, अध्यक्ष, शिवसेना
