रेलवे ओवरब्रिज का करेंगे उदघाटन
साहिबगंज : पूर्व रेलवे महाप्रबंधक घनश्याम सिंह मंगलवार को वार्षिक निरीक्षण के लिए साहिबगंज आ रहे हैं. कहलगांव साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के बीच तीन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे. जीएम के आगमन को देखते हुए साहिबगंज रेलवे स्टेशन को सजाया गया हैै. जानकारी के अनुसार महाप्रबंधक 24 जनवरी को कहलगांव से अपना निरीक्षण शुरू करेंगे. इसके बाद साहिबगंज दोपहर 12:05 बजे आयेंगे. 75 मिनट तक रूकने के क्रम में रेलवे जेनरल इंस्टीट्यूट के नजदीक रेलवे अस्पताल का निरीक्षण, विद्युत कार्यालय के सामने बने दो क्वार्टर, क्रू बुकिंग, स्टेशन के कार्यालय का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद प्लेटफार्म नंबर एक से तीन तक जाने वाली नवनियुक्त ओवरब्रिज का उदघाटन करेंगे.
इसी क्रम में इस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस के शाखा नंबर 1,2 के सदस्यों के साथ मुलाकात करेंगे. दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर महाराजपुर पहुचेंगे. जहां पर एलइडी लाइट का उदघाटन करेंगे. इसके बाद कल्याणचक एवं बरहरवा रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए मालदा चले जायेंगे. दोनों स्टेशन पर 20-20 मिनट का कार्यक्रम रखा गया है. साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड मालदा रेल मंडल के अधीन आता है. इसको लेकर मालदार डीआरएम मोहित सिन्हा खुद कई बार साहिबगंज और बरहरवा आकर अपनी ओर से स्टेशनों पर चल रहे कार्यों का जायजा ले चुके हैं. इस रेलखंड पर लगभग सभी रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने जिसमें पानी टंकी निर्माण, चापाकलों, शौचालयों की मरम्मत एवं रख-रखाव सहित लाइट का पर्याप्त इंतजाम किया गया है. साहिबगंज रेलवे में अवैध रूप से रहने वालों को नोटिस देकर छोड़ गया है. स्टेशन प्रबंधक केपी सिंह ने बताया कि जीएम का वार्षिक निरीक्षण को देेखते हुये सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है.
