बड़ा बदलाव . 20 दिन तक पांच ट्रेनें रहेंगी रद्द, कई के रूट बदले गये
साहिबगंज : 28 नवंबर से 17 दिसंबर तक 20 दिनों तक पीरपैंती कहलगांव के बीच रेल दोहरीकरण कार्य होने के कारण मंगलवार से कई ट्रेनें रद्द व कई ट्रेनों के रूट बदलने के कारण साहिबगंज स्टेशन के पूछताछ केंद्र में यात्रियों की भीड़ लगी रही. यात्री सूचना पाने के लिए परेशान रहे. दूर-दराज से ट्रेन पकड़ने आये यात्रियों को घंटाें अपने ट्रेन का इंतजार करना पड़ा. मनिहारी से स्टीमर के सहारे साहिबगंज पहुंचे यात्रियों को भागलपुर जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. कई यात्री भूखे-प्यासे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते रहे. कई यात्री सड़क मार्ग से अपने गंतव्य को जाने के लिए ऑटो चालक व अन्य चार पहिया चालकों से पूछताछ करते दिखे.
पीरपैंती-शिवनारायणपुर-विक्रमशिला और कहलगांव के बीच 28 नवंबर से 17 दिसंबर तक यार्ड रिमॉडलिंग, प्री नान इंटरलॉकिंग और नन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण ट्रेनों का परिचालन अस्त-व्यस्त रहेगा. इससे अगले 20 दिनों तक पांच सवारी गाड़िया रद्द रहेगी. वहीं, ब्रह्मपुत्र मेल, गुवाहाटी एलटीटी एक्सप्रेस, हावड़ा-गया सहित 11 ट्रेनें भागलपुर जमालपुर न होकर बरौनी कटिहार और आसनसोल किउल के रास्ते जायेगी. दानापुर-साहिबगंज के बीच चलने वाली इंटरसिटी इतनी अवधि तक अप और डाउन में भागलपुर से ही खुलेगी. जबकि मालदा से नयी दिल्ली और आनंद बिहार टर्मिनल के बीच जाने वाली गाड़ियां समय बदल कर चलेगी.
निर्देश का किया जा रहा फॉलोअप
मालदा डीआरएम की ओर से जो भी निर्देश मिले है उसी का फॉलोअप कर ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है. यात्रियों को परेशानी हो रही है.
पी पासवान, प्रभारी स्टेशन प्रबंधक, साहिबगंज.
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
53403 अप रामपुरहाट गया पैसेंजर
53408 डाउन गया रामपुरहाट पैसेंजर
53043 अप व 53044 डाउन हावड़ा-राजगीर पैसेंजर
53041 अप व 53042 डाउन हावड़ा जयनगर पैसेंजर
13023 अप हावड़ा-गया एक्सप्रेस
13024 डाउन गया-हावड़ा एक्सप्रेस
13133 अप सियालदह-वारणसी एक्सप्रेस
13134 डाउन बाराणसी-सियालदह एक्सप्रेस
14055 अप व 14056 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल
बदला गया समय
14003 अप मालदा-आनंद बिहार एक्सप्रेस का परिचालन का समय परिवर्तन कर मालदा से दोपहर 2 बजे खोला जायेगा.
बरौनी कटिहार हाेकर चलने वाली ट्रेनें
ब्रह्मपुत्र मेल 15 दिसंबर तक
15648 अप गुवाहाटी-एलटीटी एक्सप्रेस 12 दिसंबर तक
आसनसोन किऊल होकर चलने वाली ट्रेनें
53041-42 हावड़ा-जयनगर सवारी गाड़ी
13023 अप हावड़ा-गया 16 दिसंबर तक
13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस 17 दिसंबर तक
13133-34 सियालदह वाराणसी 16 दिसंबर तक
17 दिसंबर तक सियालदह-आनंद बिहार एक्सप्रेस
53043/44 हावड़ा-राजगीर पैसेंजर
13429 मालदा-आनंद बिहार एक्सप्रेस एक से 15 दिसंबर तक दो बजे खुलेगी.
17 दिसंबर तक भागलपुर गया के बीच रामपुरहाट का रैक स्पेशल ट्रेन बनकर चलेगी.
अपने परिवार के साथ भागलपुर जा रहे हैं, लेकिन स्टेशन पहुंच कर मालूम चला कि ट्रेन नहीं है. अब क्या करें. ट्रेन पांच घंटे बाद है. भूखे प्यासे स्टेशन पर बैठे हैं. स्टेशन पर खाने-पीने के स्टॉल भी बंद हैं.
लक्ष्मण पासवान
मनिहारी से आ रही हूं. नाती की शादी में शामिल होने के लिए भागलपुर जाना है. लेकिन कोई गाड़ी नहीं है. कब आयेगी यह भी मालूम नहीं है.
कोयली देवी
अपने परिवार के साथ कहलगांव जा रहे हैं, किंतु स्टेशन पहुंचकर मालूम चला कि ट्रेन नहीं है. ऑटो से मिर्जाचौकी होकर जा रहे हैं.
अजय कुमार
मिर्जाचौकी जाना है, साहिबगंज पहुंचने पर पता चला कि ट्रेन अब 3:23 में है. जबकि अभी 12:5 हो रहा है. अब बाहर जाकर ऑटो पकड़ना पड़ेगा.
