रांचीः मंगलवार को पुरानी विधानसभा के पास एबीवीपी के प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कुछ युवकों ने बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश कुमार रजक की वर्दी फाड़ दी. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई.
थाना प्रभारी को किसी व्यक्ति ने दिया तौलिया
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी. इस बीच कुछ युवकों ने थाना प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की की और उनकी वर्दी फाड़ दी. वर्दी फट जाने के बाद थाना प्रभारी को किसी व्यक्ति ने तौलिया लाकर दिया, जिसके सहारे उन्होंने खुद को ढका. घटना के बाद पुलिस अधिकारियों के बीच मामले को लेकर चर्चा हुई. प्रदर्शन स्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
घटनाक्रम में जानकारी जुटा रही पुलिस
हालांकि, इस घटना के संबंध में मंगलवार देर रात तक थाना प्रभारी प्रकाश कुमार रजक द्वारा जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की बात सामने नहीं आई है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. प्रदर्शन के दौरान हुई इस घटना को लेकर अब पुलिस की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- CID पूछताछ से पहले बोले डॉ जमाल- TDPL से कोई संबंध नहीं, OMR जांच की खुद की थी मांग
