रांची. आइआइएम का पूरा कैंपस शुक्रवार को देर रात तक गुलजार रहा. मौका था यूथ फेस्टिवल रश 10.0 द सोल का. पहले दिन कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ. पहले दिन की शुरुआत द बिग एड बैंग ऑवर से हुई, जो एक विज्ञापन बनाने से संबंधित प्रतियोगिता थी, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया. इसके बाद वॉलीबॉल मैच हुआ. सारे प्रतिभागी खेल को लेकर काफी उत्साहित दिख रहे थे.
कार्यक्रम का उठाया आनंद
खेल के बाद दिन के दो बजे मनोरंजन कार्यक्रम हुआ. इसमें जाने-माने स्टैंड अप कॉमेडियन कुमार वरुण की कॉमेडी का विद्यार्थियों ने जमकर लुत्फ उठाया. कुमार वरुण ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को खूब हंसाया. वरुण ने समसामयिक राजनीतिक घटनाओं पर जमकर कटाक्ष किया. उनके तीखे हास्य और प्रासंगिक बातों ने दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया. पहले दिन के भव्य समापन समारोह में शोर बैंड ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसका दर्शकों ने आनंद लिया. उनके ऊर्जावान प्रदर्शन ने दर्शकों को देर रात तक झूमने के लिए मजबूर कर दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
