रांची. अखंड सुहाग और पति की दीर्घायु की कामना को लेकर सोमवार को सुहागिन महिलाओं ने हरितालिका तीज का व्रत रखा. दिनभर निर्जला उपवास के बाद शाम को महिलाओं ने मां पार्वती, भोलेबाबा समेत अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की. तीज को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गयी थीं.
पिड़ुकिया, खुजूर और अनरसा से सजायी पूजा की थाली
महिलाओं ने पूजा घरों को सजाया और प्रसाद के लिए पिड़ुकिया, खुजूर, अनरसा समेत कई पकवान तैयार किये. इसके बाद फल और पूजन सामग्री को टोकरी व बरतन में सजाया गया. कई व्रतियों ने बालू, मिट्टी और प्रतिमाओं से मां पार्वती व भोलेबाबा का स्वरूप बनाकर पूजा की.
सामूहिक पूजा में शामिल हुईं व्रती
कई महिलाओं ने मंदिरों में आयोजित सामूहिक पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया. पूजा के बाद तीज व्रत की कथा सुनी और आरती की. इस दौरान महिलाओं ने लोकगीत और भजन भी गाये. नवविवाहिताओं के घरों में तीज को लेकर खासा उत्साह रहा.
मंगलवार को होगा व्रत का पारणा
तीज व्रत का पारणा मंगलवार को होगा. व्रती सुबह स्नान-ध्यान के बाद पूजा-अर्चना और आरती करेंगी. व्रत के दौरान हुई भूल-चूक के लिए क्षमा मांगने के बाद बड़ों का आशीर्वाद लेंगी. इसके बाद दान-पुण्य और प्रसाद वितरण कर स्वयं प्रसाद ग्रहण करेंगी और व्रत का पारणा करेंगी.
