नामकुम. थाना क्षेत्र के ब्यांगडीह स्थित ब्लिंकिट एवं नेस्ले के वेयरहाउस में मेंटेनेंस कार्य के दौरान एक मजदूर की छत से गिरकर मौत हो गई. मृतक की पहचान निर्मल अहीर (22), पिता गुरु प्रसाद अहीर, निवासी जामडीह, उली लोहार, तमाड़ के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार निर्मल वेयरहाउस की छत पर मेंटेनेंस का काम कर रहा था. बताया गया कि उसने सेफ्टी बेल्ट नहीं लगा रखा था.
आनन-फानन में ले जाया गया अस्पताल
इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे जमीन पर गिर गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में उसे रांची स्थित राज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे. दुर्घटना की जानकारी मिलने पर हिंदपीढ़ी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली. मृतक की पत्नी सविता कुमारी ने पुलिस को आवेदन सौंपा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वेयरहाउस प्रबंधन ने जिम्मेदारी से किया इनकार
मामले में वेयरहाउस प्रबंधन से संपर्क करने पर उन्होंने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया. उनका कहना है कि निर्मल कंपनी का कर्मचारी नहीं था, बल्कि ठेकेदार के अधीन मजदूरी करता था. वहीं, ठेकेदार के मैनेजर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी.
