रांची. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय का दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन बुधवार से शुरू हो गया. कांके स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (एनयूएसआरएल) में आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने किया.
वोटर लिस्ट का सही और अपडेट होना जरूरी
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए के. रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत और व्यवस्थित रखने के लिए वोटर लिस्ट का सही और अपडेट होना बेहद जरूरी है. दुनिया के सभी देश समय-समय पर अपनी मतदाता सूची को दुरुस्त करते हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड समेत देश के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग समय पर विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण का काम होता रहता है. इस बार की प्रक्रिया में कुछ अलग किया जा रहा है. इसमें मतदाताओं की नागरिकता का सत्यापन भी किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: रिम्स डॉक्टर्स कॉलोनी की सड़क बीच से टूटकर क्षतिग्रस्त, स्कूल बसों और डॉक्टरों को हो रही परेशानी
योग्य मतदाता सूची से न छूटे
एनयूएसआरएल के कुलपति अशोक आर पाटिल ने कहा कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिए. यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि एक भी योग्य मतदाता सूची से बाहर न रहे. उन्होंने युवाओं को मतदान और मतदाता सूची के महत्व के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया.
ये भी पढ़ें: रांची विवि की अनुपम तोपनो ने UGC NET में 99.68 परसेंटाइल लाकर हासिल की JRF रैंक
चुनावी व्यवस्था में भरोसा जरूरी
सेंट जेवियर कॉलेज के प्राचार्य रोबर्ट पी कुजूर ने कहा कि चुनावी व्यवस्था को विश्वसनीय बनाना बेहद महत्वपूर्ण है. इसके लिए तकनीक का अधिकतम इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है, इस पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है.
उद्घाटन सत्र में सेंट्रल यूनिवर्सिटी के कुलपति सारंग मेढकर ने भी अपने विचार रखे. अतिथियों का स्वागत सीईओ कार्यालय के अपर सचिव सुबोध कुमार ने किया.
दो दिवसीय सम्मेलन में मतदाता सूची को बेहतर बनाने, तकनीक के इस्तेमाल और चुनावी प्रक्रिया को अधिक विश्वसनीय बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है.
