रांची. दशहरा और दीपावली में अब दो माह से भी कम समय बचा है, लेकिन त्योहारों में घर लौटने और रांची आने वाले यात्रियों को अभी से ट्रेन टिकट के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है. रांची से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, जम्मूतवी, आनंदविहार समेत दूसरे प्रमुख शहरों के बीच चलने वाली कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है. कई ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी में रिग्रेट की स्थिति हो गयी है. ऐसे में यात्रियों को रेलवे आरक्षण काउंटर और आइआरसीटीसी की वेबसाइट से भी टिकट नहीं मिल पा रहा है.
आने वाली ट्रेनों में कई क्लास में रिग्रेट
छह नवंबर को ट्रेन संख्या 20840 नयी दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस के थर्ड एसी में 249 वेटिंग है, जबकि टू एसी में रिग्रेट है. ट्रेन संख्या 12874 आनंदविहार-हटिया झारखंड स्वर्णजयंती एक्सप्रेस के स्लीपर, थ्रीई और थ्रीए में रिग्रेट है.
ट्रेन संख्या 18310 जम्मूतवी-संबलपुर में छह नवंबर को स्लीपर और थ्रीए में रिग्रेट है. सात नवंबर को भी दोनों क्लास में रिग्रेट की स्थिति है. ट्रेन संख्या 12454 नयी दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में सात नवंबर को थ्रीए में 197 और टूए में 84 वेटिंग है. ट्रेन संख्या 12818 आनंदविहार-हटिया झारखंड स्वर्णजयंती में स्लीपर में 123 वेटिंग है, जबकि थ्रीई और थ्रीए में टिकट नहीं मिल रहा है.
बेंगलुरु और मुंबई से आने वाली ट्रेनों में भी परेशानी
ट्रेन संख्या 12826 आनंदविहार-रांची संपर्क क्रांति में सात नवंबर को स्लीपर, थ्रीई और थ्रीए में रिग्रेट हो गया है. ट्रेन संख्या 18638 बेंगलुरु-हटिया में तीन नवंबर को स्लीपर में रिग्रेट और थ्रीए में 173 वेटिंग है. ट्रेन संख्या 12836 बेंगलुरु-हटिया में तीन नवंबर को स्लीपर और थ्रीई में रिग्रेट, जबकि थ्रीए में 120 वेटिंग है. पांच नवंबर को भी स्लीपर और थ्रीए में रिग्रेट तथा थ्रीई में 78 वेटिंग है.
ट्रेन संख्या 12811 एलटीटी-हटिया में एक नवंबर को स्लीपर में 63, थ्रीई में 34 और थ्रीए में 47 वेटिंग है. दो नवंबर को स्लीपर में 74, थ्रीई में 30 और थ्रीए में 48 वेटिंग है.
रांची से जाने वाली ट्रेनों में भी बढ़ी वेटिंग
रांची से जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों को टिकट के लिए परेशानी हो रही है. ट्रेन संख्या 20839 रांची-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में 17 अक्तूबर को थ्रीए में 90 और टूए में 43 वेटिंग है. ट्रेन संख्या 18309 हटिया-नयी दिल्ली में स्लीपर में 87 और थ्रीए में 81 वेटिंग है.
ट्रेन संख्या 12817 हटिया-स्वर्णजयंती में 18 अक्तूबर को स्लीपर में 32, थ्रीई में चार और थ्रीए में 10 वेटिंग है. वहीं, 18637 हटिया-बेंगलुरु में 17 अक्तूबर को स्लीपर में 44 आरएसी और थ्रीए में 22 वेटिंग है.
12 स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव
ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग और रिग्रेट को देखते हुए रांची रेल डिविजन ने दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को 12 स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा है. इनमें रांची-जयनगर, रांची-नयी दिल्ली, रांची-अजमेर, रांची-मुंबई, रांची-आरा, रांची-बनारस और रांची-कोलकाता के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव शामिल है.
डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए अधिक से अधिक ट्रेनों का परिचालन किया जायेगा, ताकि पूजा के दौरान यात्रियों को परेशानी नहीं हो.
