तमाड़ हत्याकांड: प्रेमी से शादी के लिए पत्नी ने कराई पति की हत्या, सिर काटकर जलाया शव

रांची के तमाड़ में 17 दिनों बाद पुलिस ने एक खौफनाक हत्याकांड का खुलासा किया है. पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या की, फिर पहचान मिटाने के लिए सिर काटकर शव जला दिया.

शुभम हल्दार की रिपोर्ट 

Tamar Murder Case : झारखंड के रांची जिले के तमाड़ क्षेत्र में सामने आई एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने 17 दिनों बाद सनसनीखेज खुलासा करने का दावा किया है. 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के तेतरटांड़ जंगल से बरामद सिरकटी और आंशिक रूप से जली लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई. उसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया.

सिर काटकर जलाया शव, पहचान मिटाने की कोशिश 

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझीडीह निवासी संजय लोहरा के रूप में हुई. शुरुआती जांच में शव की पहचान करना बेहद कठिन था. क्योंकि हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए पहले सिर धड़ से अलग कर दिया और फिर शव को जलाकर जंगल में फेंक दिया. सिर गायब होने के कारण यह मामला पुलिस के लिए ब्लाइंड मर्डर बन गया था.

प्रेमी से शादी करने के लिए पति को बनाया मौत का शिकार 

जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ नया जीवन शुरू करना चाहती थी. लेकिन पति उसके रास्ते की सबसे बड़ी बाधा था. इसी वजह से दोनों ने मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची. मौका मिलते ही संजय लोहरा की निर्ममता से हत्या कर दी गई. इसके बाद सिर काटकर अलग जगह छिपा दिया गया. जबकि धड़ को जलाकर जंगल में फेंक दिया गया जिससे पहचान न हो सके और पुलिस तक कोई सुराग न पहुंचे.

आरोपी की निशानदेही पर तमाड़ के रानी वन से मिला कटा सिर 

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से कड़ी पूछताछ की. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह स्थित रानी वन में जमीन के भीतर दबाकर रखा गया मृतक का सिर बरामद किया गया. पुलिस टीम आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और खुदाई कर सिर बरामद किया. मौके पर एफएसएल टीम ने भी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए.

17 दिन तक चली तकनीकी और वैज्ञानिक जांच

डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि बिना सिर के शव मिलने के कारण यह मामला पुलिस के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था. तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक जांच, फॉरेंसिक साक्ष्य और लगातार की गई छानबीन के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही. जांच के दौरान चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है. पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है. जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

हत्या में इस्तेमाल कार भी जब्त

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी साक्ष्यों के साथ न्यायालय में मजबूत आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा. गिरफ्तार आरोपियों के नामों का आधिकारिक खुलासा वरीय पुलिस पदाधिकारी की प्रेस वार्ता में किया जाएगा.

पूरी टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे में अनुसंधान टीम, तकनीकी सेल और एफएसएल की संयुक्त भूमिका रही. बरामदगी के दौरान डीएसपी ओमप्रकाश, तमाड़ के अंचल अधिकारी समरेश प्रसाद भंडारी, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो, एसआई रंजीत कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.

ये भी पढ़ें:  क्लस्टर सिस्टम और पेपर लीक के खिलाफ AISA का राजभवन मार्च, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

ये भी पढ़ें: हाईकोर्ट ने खारिज किया वन भूमि घोटाले की पीआईएल, सीबीआई-ईडी जांच से किया इनकार

ये भी पढ़ें: क्लस्टर सिस्टम और पेपर लीक के खिलाफ AISA का राजभवन मार्च, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >