SIR in Jharkhand: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का पहला चरण बुधवार को पूरा हो गया. इसके बाद राज्य की प्रारंभिक (ड्राफ्ट) मतदाता सूची तैयार कर ली गई है. इस प्रक्रिया में कुल 2,64,63,236 मतदाताओं में से 43,74,272 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं. अब राज्य में ड्राफ्ट मतदाता सूची में 2,20,88,964 मतदाता शामिल हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि 5 अगस्त से दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू होगी. जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हुए हैं या जिनके संबंध में कोई आपत्ति है, वे निर्धारित अवधि में आवेदन कर सकेंगे.
7.63 लाख मतदाता मृत, 15.93 लाख स्थायी रूप से स्थानांतरित
एसआईआर के दौरान 7,63,997 मतदाता मृत पाए गए. इसके अलावा 14,60,169 मतदाता अपने पते पर नहीं मिले या अनुपस्थित रहे. 15,93,516 मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर चले गए, जबकि 4,38,560 मतदाता ऐसे मिले जिनका नाम पहले से किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में दर्ज था. इन सभी श्रेणियों के कारण संबंधित मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे. हालांकि दावा और आपत्ति की प्रक्रिया के दौरान पात्र मामलों पर विचार किया जाएगा.
5 अगस्त से शुरू होगी दावा-आपत्ति की प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सभी हितधारकों का सहयोग मिला है. उन्होंने राजनीतिक दलों, मतदाताओं और अन्य संबंधित पक्षों से अपील की कि वे 5 अगस्त से शुरू होने वाली दावा-आपत्ति प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदारी करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची अधिक से अधिक त्रुटिरहित बन सके.
SIR के पहले चरण की प्रमुख बातें
| श्रेणी | संख्या | प्रतिशत |
| मृत मतदाता | 7,63,997 | 2.89% |
| पता लगाने योग्य नहीं / अनुपस्थित मतदाता | 14,60,169 | 5.52% |
| स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता | 15,93,516 | 6.02% |
| अन्य स्थान पर पहले से नामांकित मतदाता | 4,38,560 | 1.66% |
| इन्यूमरेशन फॉर्म हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले मतदाताओं की कुल संख्या | 1,18,030 | (0.45%) |
ये भी पढ़ें...
मलेरिया से सीआरपीएफ जवान की मौत, एमजीएम पोस्टमार्टम हाउस में दी गई अंतिम सलामी
JPSC परीक्षा में गड़बड़ी मामलाः दूसरे दिन पूछताछ के लिए CID कार्यालय पहुंचे एल खियांग्ते
