Shravani Mela 2026: देवघर में ‘राजकीय श्रावणी मेला-2026’ का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त तक किया जायेगा. इस बार मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जायेगा. मेला क्षेत्र में एआई आधारित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम, एआई कैमरे, एआई आधारित ड्रोन, फेस रिकॉग्निशन सिस्टम, हेड काउंटिंग सिस्टम, ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, हाई क्वालिटी एएनपीआर कैमरे, क्यूआर कोड आधारित शिकायत प्रणाली, चैटबॉट हेल्पलाइन, डिजिटल पवेलियन और लोकेशन आधारित अटेंडेंस सिस्टम का उपयोग किया जायेगा. शनिवार को देवघर परिसदन में आयोजित समीक्षा बैठक में पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी. देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवनिया और दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने विभागवार तैयारियों की जानकारी पीपीटी के जरिये दी.
28 जुलाई तक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश
तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने हर हाल में 28 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं में पूरी करने का निर्देश दिया. कहा कि विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले में आनेवाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. मंत्री ने स्पष्ट किया कि सामान्य श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए श्रावणी मेला के दौरान वीआइपी और वीवीआइपी आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद रहेगा. उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को फिर से देवघर और दुमका में तैयारियों की समीक्षा की जायेगी.
क्यूआर कोड पर दे सकेंगे फीडबैक
मंत्री ने देवघर और बासुकीनाथ के बीच यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाने तथा क्यूआर कोड आधारित फीडबैक सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू करने का भी निर्देश दिया. मंत्री ने मेला क्षेत्र में टेंट सिटी, शौचालय, पेयजल, स्नानघर, कूड़ेदान, साफ-सफाई, पथ प्रकाश, वैकल्पिक बिजली व्यवस्था और स्वास्थ्य केंद्रों की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही गर्मी और उमस को देखते हुए मिस्ट कूलिंग सिस्टम तथा इंद्र वर्षा (वाटर स्प्रे) की संख्या बढ़ाने और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था को और बेहतर बनाने का भी निर्देश दिया.
ये भी पढ़ें-जेपीएससी परीक्षा घोटाला : अभय तिवारी चार महीने पहले साथी की ही किडनैपिंग के मामले में जा चुका है जेल
