रांची से मनोज कुमार सिंह की रिपोर्ट
झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से सरायकेला-खरसावां के ग्राम प्रधान महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. प्रतिनिधियों ने राज्य में पेसा नियमावली लागू किए जाने पर आभार व्यक्त किया. साथ ही पेसा नियमावली को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करने हेतु विभागीय स्तर पर आवश्यक हस्तक्षेप की मांग की और ग्राम प्रधानों के चयन संबंधी अपनी मांगों और शंकाओं से अवगत कराया.
मांगों पर संवेदनशीलता के साथ होगा विचार
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी न्यायसंगत मांगों, सुझावों और शंकाओं पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पेसा नियमावली का उद्देश्य झारखंड के अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को उनके संवैधानिक अधिकार देना, स्थानीय संसाधनों के प्रबंधन में समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना और आदिवासी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और स्वशासन की व्यवस्था को मजबूत करना है. मंत्री ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक सामाजिक संरचनाओं और ग्राम स्वशासन की परंपरा से है. राज्य सरकार का उद्देश्य पारंपरिक ग्राम सभाओं को केवल सशक्त बनाना ही नहीं, बल्कि जनजातीय समुदाय को उनके अधिकारों, परंपराओं और स्वशासन की भावना के अनुरूप विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी है.
कई प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस मौके पर श्यामल पांडे, अरूप सिंह, वासुदेव महतो, लक्ष्मण गोप, महादेव सिंह, पद्मलोचन गोप, प्रेमचंद महतो, ज्ञानचंद महतो, कार्तिक चंद्र महतो, रामापति महतो, बी. गोराई, प्रभात रंजन महतो सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: झारखंड के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बारिश में नहीं रुकेगा सफर, NHAI ने शुरू किया ड्रेनेज सफाई का विशेष अभियान
यह भी पढ़ें: Dhanbad: युवा संगम में मध्य प्रदेश का 56 सदस्यीय दल पहुंचा IIT धनबाद, झारखंड की संस्कृति से हुए रू-ब-रू
