रांची. रुक्का शहरी जलापूर्ति योजना की राइजिंग पाइपलाइन में मरम्मत का कार्य शनिवार को शुरू किया गया. मरम्मत कार्य के चलते रुक्का स्थित पुराने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद रखना पड़ा. इसका सीधा असर शहर की प्रमुख जलापूर्ति लाइनों पर पड़ा. जलापूर्ति ठप रहने से राजधानी के पांच लाख से अधिक लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा. लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी.
रविवार को भी जलापूर्ति प्रभावित
रविवार को भी जलापूर्ति प्रभावित रहेगी. जानकारी के अनुसार, शनिवार को जिला स्कूल लाइन, रातू रोड लाइन, टाउन लाइन, एमइएस लाइन, होटवार, टाटीसिलवे और इसके आसपास के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप रही. पानी की सप्लाई बंद होने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ.
मरम्मत कार्य को लेकर दोनों दिनों का शटडाउन
लोगों को अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने के लिए बाजार से जार का पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ा. ज्ञात हो कि पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल रांची ने मरम्मत कार्य को लेकर पहले ही दोनों दिनों (शनिवार और रविवार) का शटडाउन घोषित कर रखा था. विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत का कार्य रविवार को भी जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें: झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, रांची समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी
पानी का संयम से इस्तेमाल करें
इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में रविवार को भी जलापूर्ति बाधित रहने की संभावना है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी जरूरत के हिसाब से पानी का संयम से इस्तेमाल करें. मरम्मत पूरी होने तक सहयोग बनाये रखें. मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी.
