रिम्स में फेयरवेल के नाम पर जमकर चली शराब और बीयर, नशे में धुत भावी डॉक्टरों ने उड़ा दी अग्निशमन सिलेंडर की गैस

रांची के रिम्स अस्पताल में एक बार फिर एमबीबीएस छात्रों की अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है. फेयरवेल पार्टी में देर रात शराब पीकर छात्रों ने जमकर हुड़दंग मचाया और आग बुझाने वाले सिलेंडर की गैस हवा में उड़ा दी. रिम्स प्रशासन ने इस घटना को अनुशासन का घोर उल्लंघन बताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

रांची: झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रांची में भावी डॉक्टरों की अनुशासनहीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है. वर्ष 2020 बैच के एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए आयोजित फेयरवेल पार्टी में देर रात जमकर हुड़दंग मचाया गया. इस दौरान रिम्स ऑडिटोरियम परिसर में न सिर्फ डीजे की धुन पर नाच-गाना हुआ, बल्कि खुलेआम शराब और बियर की पार्टी चली. नशे में धुत कुछ मनचले छात्रों ने ऑडिटोरियम में सुरक्षा के लिहाज से लगे फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) को ही उतार लिया और उसकी पूरी गैस हवा में उड़ाकर खाली कर दिया.

सुबह फर्श पर मिलीं बियर की बोतलें

घटना का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार सुबह ऑडिटोरियम की सुरक्षा में तैनात 'सैप' (SAP) के जवान मौके पर पहुंचे. उन्होंने देखा कि ऑडिटोरियम के फर्श पर शराब और बियर की खाली बोतलें बिखरी पड़ी थीं और अग्निशमन यंत्र पूरी तरह खाली पड़ा था. उल्लेखनीय है कि इस विदाई समारोह का आयोजन वर्ष 2023 बैच के छात्रों द्वारा किया जा रहा था. आयोजन से पूर्व विद्यार्थियों ने रिम्स प्रशासन को लिखित और मौखिक दोनों रूप में पूरी तरह शांतिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया था, जिसके आधार पर ही उन्हें ऑडिटोरियम आवंटित किया गया था.

ये भी पढ़ें: रांची: DSPMU में छात्र संगठनों का हंगामा, तालाबंदी और तोड़फोड़, पुलिस ने किया बल प्रयोग

'अनुशासन का घोर उल्लंघन, होगी कार्रवाई': रिम्स पीआरओ

इस पूरे घटनाक्रम पर रिम्स के पीआरओ डॉ. शिशिर कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को ऑडिटोरियम इसी शर्त पर उपलब्ध कराया गया था कि वे मर्यादित और शांतिपूर्ण तरीके से विदाई समारोह मनाएंगे. उन्होंने स्पष्ट कहा कि रिम्स जैसे प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थान में इस प्रकार की घटना अनुशासन का घोर उल्लंघन (Gross Indiscipline) है. रिम्स प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और घटना में शामिल दोषी विद्यार्थियों की पहचान कर उन पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: रांची के सदर अस्पताल की लिफ्ट में फंसा युवक, दो घंटों की मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >