रांची से राजेश झा की रिपोर्ट
रांची : राजधानी रांची के बहुचर्चित एक्सट्रीम बार डीजे संचालक संदीप प्रमाणिक हत्याकांड में अदालत ने मंगलवार को बड़ा फैसला सुनाया है. रांची के अपर न्यायायुक्त शैलेंद्र कुमार की अदालत ने मामले के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की सहित सभी 10 दोषियों को नौ-नौ साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. इसके साथ ही अदालत ने प्रत्येक दोषी पर पचास-पचास हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. अदालत ने सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर सभी 10 आरोपियों को गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत दोषी करार दिया था.
सजा पाने वाले 10 दोषियों की सूची
सजा पाने वाले दोषियों में मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की के अलावा उसके नौ सहयोगी अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद शामिरुद्दीन, प्रतीक, मृत्युंजय कुमार, प्रकाश कुमार, दिवाकर उपाध्याय, आलोक दीवा, पंकज कुमार और सुमित कुमार शामिल हैं. अदालत के इस फैसले के बाद सभी दोषियों को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें: जेपीएससी भर्ती परीक्षा पर विवाद गहराया, यूपी की ब्लैक लिस्टेड एजेंसी से परीक्षा कराने के आरोप
जानिए पूरी घटना
यह सनसनीखेज वारदात 26 मई 2024 की देर रात रांची के पॉश इलाके में स्थित एक्सट्रीम बार में घटी थी. बार बंद होने के समय चार से पांच युवक वहां पहुंचे थे, जहां प्रवेश और सेवाओं को लेकर बार स्टाफ के साथ उनकी कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. इसी मारपीट का बदला लेने की नीयत से मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह ने अपने दोस्तों संग साजिश रची. वह तुरंत सेल सिटी स्थित अपने किराये के फ्लैट पर गया और वहां से राइफल लेकर वापस लौटा. अभिषेक ने बार के भीतर घुसकर पश्चिम बंगाल के रहने वाले डीजे संचालक संदीप प्रमाणिक की छाती में करीब से गोली मार दी, जिससे संदीप की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए बार की पार्किंग में भी कई राउंड अंधाधुंध फायरिंग की और अपनी कार से फरार हो गए.
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज और हुई गिरफ्तारियां
हत्याकांड की यह पूरी खौफनाक वारदात बार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जो मामले में सबसे ठोस कानूनी सबूत बना. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के दौरान कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद चले लंबे ट्रायल में अदालत ने 10 आरोपियों को दोषी करार देते हुए यह सजा सुनाई.
ये भी पढ़ें: हाईटेक बनेगा रिम्स, 200 वेंटिलेटर, स्मार्ट क्लासरूम और रेडियोथेरेपी मशीन से लैस होगा झारखंड का सबसे बड़ा अस्पताल
