रांची DC मंजूनाथ भजंत्री का SIR को लेकर निर्देश: 14 अक्टूबर तक होगी नोटिस पर सुनवाई

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की. 14 अक्टूबर तक प्राप्त नोटिस पर सुनवाई सुनिश्चित की जाएगी और मतदाता सूची को पारदर्शी व विश्वसनीय बनाने पर जोर दिया गया.

रांची : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन समेत जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे. बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत जारी नोटिस वितरण और सुनवाई के चरण की प्रगति का बिंदुवार जायजा लिया गया. मौके पर उपायुक्त ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी दलों का परस्पर सहयोग बेहद आवश्यक है.

14 अक्टूबर तक प्राप्त नोटिस पर होगी सुनवाई

बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट किया कि 14 अक्टूबर 2026 तक नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं के लिए सुनवाई की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी. उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे आम नागरिकों तक सुनवाई की तिथि और प्रक्रिया की सही जानकारी समय पर पहुंचाने में सहयोग करें. साथ ही यह निर्देश दिया गया कि जिन मतदाताओं को नोटिस मिला है, वे निर्धारित तिथि और स्थान पर उपस्थित होकर अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें. प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर ही संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी.

ये भी पढ़ें: झारखंड के 7 जिलों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, शिक्षा विभाग के 58 लिपिकों का तबादला, 134 कर्मचारियों का संवर्ग तय

रांची डीसी ने डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को गति देने का दिया निर्देश

विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बूथ स्तर पर कार्यों को सुचारू बनाने के लिए बीएलओ (BLO) और बीएलए-2 (BLA-2) के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया. उपायुक्त ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे फॉर्म-6 (नए नाम जोड़ने) और फॉर्म-8 (संशोधन) से जुड़े मामलों में बीएलओ का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन की प्रगति धीमी है, वहां बीएलए-2 बीएलओ के साथ मिलकर प्रक्रिया को गति दें ताकि किसी भी पात्र नागरिक का आवेदन समय पर पोर्टल पर दर्ज किया जा सके.

1 अक्टूबर को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर फोकस

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए बैठक में बताया गया कि 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी भारतीय नागरिक नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं. उपायुक्त ने सभी दलों के प्रतिनिधियों से ऐसे पात्र युवाओं का अधिक से अधिक मोबिलाइजेशन करने और उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया. बैठक के अंत में उन्होंने दोहराया कि इस पूरे अभियान का मूल उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह से अद्यतन, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं और कोई भी अपात्र व्यक्ति इसमें शामिल न हो सके.

ये भी पढ़ें: जल है तो कल है : पलन गांव में ग्रामीणों ने लिया जल बचाने और स्वच्छता का संकल्प

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >