रांची में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, कार से घूम रहे 3 अपराधी पिस्टल और कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार

Ranchi Crime News: रांची की जगरनाथपुर पुलिस ने एक नीले रंग की स्विफ्ट कार में सवार तीन शातिर अपराधियों- सुमित मिंज, राकेश रंजन और रोहित महली को गिरफ्तार किया है. इनके पास से लोडेड देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, कुल्हाड़ी और बेसबॉल स्टिक बरामद हुए हैं. गिरफ्तार अपराधियों पर पहले से हत्या और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं.

Ranchi Crime News, रांची : राजधानी रांची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लोडेड देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और अन्य खतरनाक हथियार बरामद किए गए हैं.

जगरनाथपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को 3 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक नीले रंग की स्विफ्ट कार में सवार कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. इसके बाद सूचना के सत्यापन और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए जगरनाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने लटमा रोड स्थित नेपाली कॉलोनी के पास स्वर्ण रेखा नदी के किनारे संदिग्ध नीले रंग की स्विफ्ट कार (JH01DP-3458) को घेराबंदी कर पकड़ा. कार में तीन युवक सवार थे, जिनकी पहचान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर, गुड्डू उर्फ राकेश रंजन और रोहित महली के रूप में हुई है.

भारी मात्रा में हथियार और सामान बरामद

रांची पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसके मैगजीन में 6 राउंड जिंदा गोलियां भरी हुई थीं. इसके अलावा कार की तलाशी लेने पर 2 लोहे की कुल्हाड़ी, 1 लोहे का बेसबॉल स्टिक, 1 लकड़ी का बेसबॉल स्टिक, 5 मोबाइल फोन, 1 टैब और मारुति स्विफ्ट कार बरामद किया गया है. इन सामानों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने सूची बनाकर इन्हें जब्त कर लिया. इस संबंध में जगरनाथपुर थाना कांड संख्या-131/26 दर्ज किया गया है.

Also Read: Godda: एडीआरएम ने किया गोड्डा स्टेशन का दौरा, एक माह में पूरा होगा वॉशिंग पिट का काम

गिरफ्तार अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों में से दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. सुमित मिंज उर्फ लवेंडर के खिलाफ जगरनाथपुर और नामकुम थाने में हत्या (धारा 302), रंगदारी (धारा 384/387) और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 5 मामले दर्ज हैं. उसी तरह राकेश रंजन उर्फ गुड्डू के विरुद्ध जगरनाथपुर और गोंदा थाने में आर्म्स एक्ट, रंगदारी और चोरी से संबंधित 2 मामले पहले से दर्ज हैं.

छापामारी दल के सदस्य

इस सफल अभियान में जगरनाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के साथ पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार रंजन, सत्यवीर, अशोक प्रसाद, संतोष कुमार सिंह, पंकज कुमार, विनोद साह और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

Also Read: अंधेरे में डूबे दुमका के 45 गांव: प्रशासन के फरमान से हड़कंप, पानी-पढ़ाई सब ठप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >