Rajya Sabha Election: इंडिया गठबंधन की बैठक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने करायी मॉक पोलिंग

Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इंडिया गठबंधन की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मॉक पोलिंग कराकर विधायकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी. बैठक में चुनावी रणनीति और समन्वय पर भी चर्चा हुई. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

सुनील चौधरी
Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास राजनीति का केंद्र बना रहा. मुख्यमंत्री हेमनंत सोरेन की अध्यक्षता में शाम छह बजे से इंडिया गठबंधन की मीटिंग हुई. बैठक में कुल 54 विधायक मौजूद थे. विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र महतो संवैधानिक पद पर होने की वजह से बैठक में नहीं आये. वहीं माले विधायक अरुप चटर्जी ने निजी कारणों की पूर्व में ही सूचना दे थी. मीटिंग में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने समक्ष सभी विधायकों को वोटिंग की ट्रेनिंग दी. डमी मतपत्र भी लाया गया. जिसे विधायकों को दिखाकर बताया गया कि कहां और कैसे वोट करनी है. इसके बाद मॉक पोलिंग करायी गयी. जिसमें 29 वोट झामुमो प्रत्याशी बैजनाथ राम को और 27 वोट कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को मिले.

जीत के लिए 28 वोट की है जरूरत

रविंद्र महतो व अरुप चटर्जी ने अपना वोट फोन के जरिये दिया. इस तरह इंडिया गठबंधन के कुल 56 वोट पड़े. बताया गया कि चुनाव के दिन झामुमो प्रत्याशी को 28 व कांग्रेस प्रत्याशी को 28 वोट मिलेंगे. जीत के लिए 28 वोट की ही जरूरत है. बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी विधायकों को एकजुट रहने का संदेश दिया और स्पष्ट कहा कि सभी विधायक गठबंधन के प्रत्याशी को ही वोट करें. दोनों की जीत सुनिश्चित करनी है.

बैठक में कांग्रेस के प्रभारी के राजू, अजय शर्मा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन, अखिलेश सिंह, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत सभी विधायक उपस्थित थे. वहीं राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव समेत सभी विधायक भी उपस्थित थे.

दोनों प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित : राधाकृष्ण किशोर

राज्य सरकार के मंत्री व कांग्रेस विधायक राधाकृष्ण किशोर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि झामुमो व कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है. मॉक ड्रिल में विधायकों को प्रशिक्षित किया गया कि कैसे वोट करना है. श्री किशोर ने कहा कि भाजपा नाथवाणी जी का समर्थन कर रही है. वे होटल में इसलिए शिफ्ट हुए हैं कि अंतिम समय तक नाथवाणी जी का उपभोग कर सकें. भाजपा में आत्मविश्वास की कमी है. उनके पास 24 वोट होने के बावजूद अपना प्रत्याशी नहीं उतारा. बल्कि निर्दलीय के रूप में धनाढ्य प्रत्याशी पर दांव खेला है. ताकि सपोर्ट करने पर नाथवाणी की जीत भाजपा की मानी जायेगी और हार होने पर नाथवाणी की मानी जाएगी. नाथवाणी की मुख्यमंत्री से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि राजनीति में किसी से मिलने किसी की निष्ठा कम नहीं हो जाती. वे प्रत्याशी हैं तो सबसे मिल ही सकते हैं.

वोट सही करने के लिए मॉक ड्रिल कराया गया : प्रदीप यादव

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि सभी 56 विधायक एकजुट हैं. वोट में गलती न हो जाये इसलिए मॉक ड्रिल कराया गया. दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है.

हमारे दोनों प्रत्याशी जीतेंगे : संजीव सरदार

झामुमो विधायक संजीव सरदार ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र का विरोधी है. झामुमो हमेशा हॉर्सं ट्रेडिंग के विरोध में रहा है.इसलिए सबने एकजुटता दिखायी. मुख्यमंत्री ने हमें दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. दोनों ही जीतेंगे.

ये भी पढ़ें…

56 नहीं 61, राज्यसभा चुनाव से पहले जेएमएम ने एक पोस्ट कर फैलायी सनसनी

रांची में दूसरे दिन भी जारी रहा मनरेगा कर्मियों का महाधरना, 17 जून से आमरण अनशन की चेतावनी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >