नवीन शर्मा की रिपोर्ट
Devendra Nath Mahto Police Clash: झारखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई. पिछले कई दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर चल रहे JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आयोजित तिरंगा यात्रा और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताई थी उन्होंने चिट्ठी लिखकर की अस्पताल प्रबंधन से छुट्टी की इजाजत मांगी थी. देवेंद्र नाथ महतो फिलहाल रांची सदर अस्पताल में भर्ती हैं. वे 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. स्वतंत्रता दिवस के दिन अस्पताल से बाहर निकलकर तिरंगा यात्रा में शामिल होने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.
अस्पताल से निकलने की कोशिश, पुलिस ने रोका
वीडियो में देवेंद्र नाथ महतो अस्पताल से बाहर निकलने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की होती नजर आ रही है. अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी. देवेंद्र नाथ महतो के समर्थकों का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर अस्पताल में रोका गया और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई.
डॉक्टर ने कहा- अभी शारीरिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं देवेंद्र
प्रभात खबर डिजिटल की टीम ने रांची सदर अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से पूरे मामले की जानकारी ली. डॉक्टर विमलेश कुमार के मुताबिक, देवेंद्र नाथ महतो की वर्तमान शारीरिक स्थिति ऐसी नहीं है कि उन्हें अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दी जा सके. डॉक्टर ने बताया कि डॉक्टरों की टीम ने उन्हें फिलहाल अस्वस्थ पाया है और उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई. डॉक्टर के मुताबिक लंबे समय से भूख हड़ताल पर रहने के कारण उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिकित्सकीय निगरानी जरूरी है.
समर्थकों ने सरकार और अस्पताल प्रबंधन पर लगाए आरोप
वहीं, देवेंद्र नाथ महतो के समर्थकों ने अस्पताल प्रबंधन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. समर्थकों का कहना है कि जब पूरा देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, तब छात्र नेता को अस्पताल में कथित तौर पर रोककर रखा गया है. समर्थकों का दावा है कि देवेंद्र नाथ महतो तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे और इसके लिए लगातार अनुमति देने की मांग कर रहे थे. उनका आरोप है कि उनकी तबीयत इतनी खराब नहीं है कि उन्हें कार्यक्रम में जाने से रोका जाए.
ICU के बाहर और अंदर सुरक्षा बढ़ाई गई
मामले को देखते हुए रांची सदर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. ICU के बाहर और अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी. अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की ओर से सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई. JPSC और JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच स्वतंत्रता दिवस के दिन देवेंद्र नाथ महतो को तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोके जाने को लेकर विवाद और बढ़ गया है. एक तरफ समर्थक इसे सरकार की कार्रवाई बता रहे हैं, वहीं डॉक्टरों का कहना है कि देवेंद्र नाथ महतो की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति देना उचित नहीं था.
ये भी पढ़ें: पलामू में 80वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने फहराया तिरंगा
यह भी पढ़ें : झारखंड के 5 'आदिवासी सूरमा' जिनसे कांपती थी ब्रिटिश हुकूमत, एक ने तो कलेक्टर को ही तीर से मारकर कर दिया था ढेर
