सुभाषनगर के बच्चों के लिए अलग स्कूल बस की मांग, एनके एरिया जीएम कार्यालय पर धरना

डकरा के सुभाषनगर में स्कूली बच्चों के लिए बस की मांग को लेकर सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ धरना दिया गया। अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने पर जताई चिंता।

डकरा: सुभाषनगर के स्कूली बच्चों के लिए अलग स्कूल बस की व्यवस्था की मांग को लेकर बुधवार को बीएमएस असंगठित के बैनर तले एनके एरिया महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना दिया गया. धरने का नेतृत्व विनोद विश्वकर्मा ने किया.

उन्होंने कहा कि सुभाषनगर के करीब 50 बच्चों को किसी भी स्कूल बस में चढ़ने नहीं दिया जा रहा है. सीसीएल द्वारा भाड़े पर संचालित निजी स्कूल बसों के मालिकों ने भी चालकों को इन बच्चों को बस में नहीं बैठाने का निर्देश दिया है, जिससे कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.

उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक, केडीएच परियोजना पदाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से कई दौर की वार्ता व आश्वासन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद आंदोलन का निर्णय लिया गया.

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस स्थिति से बच्चों पर मानसिक दबाव और अपमान की भावना पैदा हो रही है. धरने में स्थानीय मुखिया ललिता देवी, सीसीएल सीकेएस नेता मिथिलेश कुमार सिंह, पिंकू सिंह, सुजीत कुमार सिंह सहित प्रभावित बच्चे और उनके अभिभावक शामिल हुए. बाद में पांच सूत्री मांगपत्र मानव संसाधन विभाग की प्रमुख शशिप्रभा हंसदा को सौंपा गया.

इसमें अलग स्कूल बस उपलब्ध कराने तथा तब तक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई. प्रबंधन के सकारात्मक कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया. चेतावनी दी गई कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर चूरी परियोजना बंद कराने का आंदोलन किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >