पिठोरिया से सुजीत कुमार केशरी की रिपोर्ट
Ranchi Crime News: झारखंड के रांची जिले के पिठोरिया थाना पुलिस को मारपीट के एक पुराने मामले में बड़ी कामयाबी मिली है. करीब पांच महीने से फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
नामजद अभियुक्त शेख मजीद गिरफ्तार
पिठोरिया थाना में दर्ज कांड संख्या 125/25 के तहत पुलिस ने शेख मजीद (उम्र लगभग 32 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. वह ग्राम चंदवे, थाना पिठोरिया का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे धर दबोचा.
पशु तस्करी के दौरान हमला
यह मामला 22 अक्टूबर 2025 का है, जब वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि दो कंटेनरों के जरिए मवेशियों की अवैध तस्करी की जा रही है और उन्हें बांग्लादेश भेजने की योजना बनाई जा रही है. सूचना के बाद एक विशेष टीम गठित की गई और चंदवे चौक पर कार्रवाई करते हुए दो कंटेनरों से 65 मवेशियों को बरामद किया गया. इसी दौरान कुणाल केसरी नामक व्यक्तिअपने दैनिक कार्य से लौट रहा थे. जब वे चंदवे चौक के पास पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाए आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना के बाद पीड़ित ने पिठोरिया थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
पुलिस की लगातार छापेमारी से मिली सफलता
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी. थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे के नेतृत्व में लगातार छापेमारी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई. आखिरकार, पुलिस को सफलता मिली और मुख्य आरोपी शेख मजीद को गिरफ्तार कर लिया गया.
इसे भी पढ़ें: प्राइवेट ड्राइवरों के भरोसे रांची पुलिस की गश्ती गाड़ियां, कैसे बचेगी गोपनीयता?
क्षेत्र में बढ़ा कानून का भरोसा
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है. थाना प्रभारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है. किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. इस गिरफ्तारी से न केवल एक फरार आरोपी पुलिस के शिकंजे में आया है, बल्कि क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय का माहौल भी बना है. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है.
इसे भी पढ़ें: चतरा के लावालौंग में टेंपो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
