NEET Paper Leak: केंद्र पर हमलावर हुई झारखंड कांग्रेस, कहा- युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही NDA सरकार

नीट यूजी पेपर लीक मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी डायरेक्टर को हटाकर एनडीए सरकार मामले को लीपापोती करने में लगी है.

रांची : नीट यूजी 2024 पेपर लीक मामले में विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है. इसे लेकर झारखंड की सियासत भी गर्म है. राज्य की सत्ता में काबिज झारखंड कांग्रेस कमेटी उग्र रूप धारण किये हुए है. रविवार को रांची जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. साथ ही उन्होंने पीएम मोदी से इस परीक्षा को अविलंब रद्द करने और शिक्षा मंत्री से इस्तीफा की मांग की.

मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी डायरेक्टर को हटाकर एनडीए सरकार मामले को लीपापोती करने में लगी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए. देश में पिछले पांच सालों में 43 भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक हुई है. भारत जैसे युवा देश में केन्द्र की एनडीए सरकार युवाओं के भविष्य को अधंकारमय बनाने पर तुली हुई है. करोड़ों होनहार मेहनतकश छात्रों के साथ खिलवाड करना घोर नाइंसाफी है.

राजेश ठाकुर बोले- सिस्टम दुरूस्त नहीं हुआ तो चलता रहेगा पेपर लीक

राजेश ठाकुर ने आगे कहा कि पेपर लीक का सबसे बड़ा कारण बीजेपी का पूरे सिस्टम को अपने कब्जे करना है. इसलिए इसके तार भाजपा शासित राज्यों से जुड़े हुए हैं. जब तक सिस्टम दुरूस्त नहीं होगा पेपर लीक चलता रहेगा. लेकिन कांग्रेस पार्टी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी. पेपर लीक मामले में देश के शिक्षा मंत्री धमेन्द्र प्रधान को जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए अविलंब इस्तीफा देना चाहिए और नीट की परीक्षा रद्द करनी चाहिए. प्रधानमंत्री मोदी परीक्षा पर चर्चा करते रहते हैं लेकिन पेपर लीक पर कुछ नहीं बोलते हैं. राहुल गांधी जी ने युवाओं के न्याय के लिए संघर्ष का संकल्प लिया है. कांग्रेस पार्टी छात्रों के सुन्दर भविष्य के लिए उनके हित में संघर्ष जारी रखेगी.

मौके पर प्रदेश संगठन महासचिव अमुल्य नीरज खलखो, अमरेन्द्र सिंह, गजेन्द्र सिंह, सोनाल शांति, बेलस तिर्की,शहबाज अहमद, बिनोद सिंह, ऐनुल हक, अजय सिंह, मदन मोहन मिश्रा,वसीम अकरम, खगेन्द्र महतो, जितेन्द्र त्रिवेदी, गौरव सिंह, विक्की ठाकुर, सदाब खान, साकेत कुमार, मोहित राज, विपुल सिंह,सोनू तुषार, समीर, रोहित पांडे, अमन, अब्दुल रहमान,सरदार उरांव सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन शामिल थे.

Also Read: झारखंड : कांग्रेस ने की लोकसभा चुनाव की समीक्षा, नेताओं को बांटे फीडबैक फॉर्म

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >