‘परिवार के साथ बेटे की तरह खड़ा हूं’… झारखंड के पूर्व मंत्री माधव सिंह की श्रद्धांजलि सभा में बोले मंत्री योगेंद्र प्रसाद

Madhav Lal Singh: गोमिया के साड़म में पूर्व मंत्री स्व. माधव लाल सिंह के द्वादश श्राद्धकर्म व श्रद्धांजलि सभा में भारी भीड़ उमड़ी. मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पूर्व विधायक बबीता देवी और भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव समेत हजारों लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए.

गोमिया से रामदुलार पंडा की रिपोर्ट

Madhav Lal Singh, बोकारो: बोकारो के गोमिया प्रखंड अंतर्गत साड़म में पूर्व मंत्री स्वर्गीय माधव लाल सिंह के द्वादश श्राद्धकर्म सह श्रद्धांजलि सभा में सोमवार को दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा. राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े राज्य के कई गणमान्य लोगों ने झारखंड के इस कद्दावर नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद अपनी पत्नी सह गोमिया की पूर्व विधायक बबीता देवी के साथ साड़म स्थित उनके आवास पहुंचे. उन्होंने स्वर्गीय माधव लाल सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर नमन कर शोकाकुल पत्नी, भाभी, पुत्रों और परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर ढांढस बंधाया.

माधव बाबू का जीवन सादगी भरा: मंत्री योगेंद्र प्रसाद

परिजनों को सांत्वना देते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि माधव लाल सिंह का जनसेवा, संघर्ष और सादगी से भरा लंबा जीवन हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा. उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि आज इस श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा यह ऐतिहासिक जनसैलाब इस बात का सीधा प्रमाण है कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में आम जनता के दिलों में कितनी खास जगह बनाई थी. उन्होंने शोकाकुल परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे हमेशा इस परिवार के साथ एक बेटे की तरह मजबूती से खड़े रहेंगे और हर सुख-दुख में अपना पूरा सहयोग देंगे.

Also Read: एनईपी नियमावली के ड्राफ्ट का वित्तरहित शिक्षण संस्थानों ने किया विरोध, आंदोलन की चेतावनी

श्रद्धांजलि सभा में जुटे झारखंड के दिग्गज, उमड़ा जनसैलाब

पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह की इस श्रद्धांजलि सभा में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नेताओं के जुटने का सिलसिला सुबह से ही जारी रहा. दिवंगत नेता को नमन करने वालों में मुख्य रूप से बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो ‘बाटुल’, कुमार गौरव सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, कुमार महेश सिंह, विक्रम पांडेय और गिरिडीह सांसद के पुत्र शामिल हुए. इनके अलावा अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी साड़म पहुंचकर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ देखी गई. गोमिया विधानसभा क्षेत्र समेत झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों आम लोगों ने अपने चहेते नेता माधव बाबू को नम आंखों से अंतिम विदाई दी.

Also Read: Ranchi: जेबीवीएनएल में जीएम स्तर के कई अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग

लोहरदगा सांसद भी पहुंचे रहे हैं श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने

माधव लाल सिंह के श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह, हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक, धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह, कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर, शहज़ादा अनवर, सरयू राय भी पहुंच रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >