JTET Exam News: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के लिए इस बार रिकॉर्ड करीब 4.17 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. राज्य में लगभग 10 वर्ष बाद जेटेट आयोजित होने जा रही है. इससे पहले 2024 में करीब 3.50 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, लेकिन परीक्षा नहीं हो सकी और स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर आवेदन रद्द कर दिये गये थे. इस बार 2024 की तुलना में करीब 67 हजार तथा 2016 की परीक्षा के 2.53 लाख आवेदनों की तुलना में 1.64 लाख अधिक आवेदन मिले हैं.
आवेदन में संशोधन का मिलेगा अवसर
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन का अवसर दिया जायेगा. इसके लिए जैक जल्द विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा. संभावना है कि जेटेट परीक्षा इस वर्ष के अंत तक आयोजित की जायेगी. शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अनुसार शिक्षक पात्रता परीक्षा हर वर्ष होनी चाहिए, लेकिन झारखंड में अब तक केवल दो बार ही जेटेट आयोजित हुई है. पहली परीक्षा 2013 और दूसरी 2016 में हुई थी.
रिजल्ट के बाद शुरू होगा दूसरा चरण
जेटेट का परिणाम जारी होने के बाद राज्य में सहायक आचार्य भर्ती के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी. वर्तमान में सहायक आचार्य के करीब 40 हजार पद रिक्त हैं. पहले चरण में 26 हजार पदों पर भर्ती शुरू हुई थी, जिनमें लगभग 16 हजार पद अभी भी खाली हैं. दूसरे चरण में 24 हजार पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित है. दोनों चरणों के रिक्त पदों को मिलाकर करीब 40 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता जेटेट के बाद खुलेगा.
ये भी पढ़ें: गुमला में सेना के जवान से 21.37 लाख रुपये की ठगी, एसपी-डीसी से लगाई इंसाफ की गुहार
ये भी पढ़ें: हजारीबाग: खेत देखने गए किसान की हाथियों के हमले में मौत, जंगल के पास मिला शव
