रांची से राजलक्ष्मी, अभिषेक आनंद और अरविंद कुमार सिंह की रिपोर्ट
JPSC Students Protest: रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया. आंदोलनकारी छात्रों ने राज्य सरकार से हाथ जोड़कर अपील की कि कथित अनियमितताओं के आरोपों के बीच JPSC परीक्षा रद्द की जाए और JSSC-CGL परीक्षा की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए. छात्रों का कहना है कि वे केवल पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया चाहते हैं, ताकि योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो सके. रांची में जिस तरीके से आंदोलनकारी छात्र टिके हुए हैं, उससे आंदोलन लंबा खिंचने के आसार नजर आ रहे हैं.
तिरपाल लगाने से रोका, धूप-बारिश में डटे रहे छात्र
आंदोलन के दौरान छात्रों ने प्रदर्शन स्थल पर तिरपाल लगाने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी. इसके बाद छात्रों ने साफ कहा कि वे तेज धूप और बारिश की परवाह किए बिना आंदोलन जारी रखेंगे. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे प्रदर्शन स्थल नहीं छोड़ेंगे.
खिचड़ी खाकर आंदोलन कर रहे छात्र
शनिवार को छात्र खिचड़ी खाकर आंदोलन जारी रखे हुए थे. आंदोलनकारी छात्रों की ओर से जानकारी दी गई थी कि रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने उन्हें नया मंच बनाने की अनुमति दे दी है, लेकिन बाद में प्रशासनिक तौर पर उसकी पुष्टि नहीं की गई. हालांकि, आंदोलनकारी छात्रों ने कहा कि अब वे अधिक व्यवस्थित तरीके से अपनी बात सरकार और जनता तक पहुंचा सकेंगे.
बारिश में भी नहीं डिगे छात्र, लौटने से किया इंकार
शाम को बारिश शुरू होने के बावजूद छात्र अपने संकल्प पर अडिग रहे. कई छात्र तिरपाल हाथ में लेकर खड़े रहे, जबकि कुछ खुले आसमान के नीचे ही डटे रहे. आंदोलनकारियों ने कहा कि भीग जाना स्वीकार है, लेकिन बिना न्याय के वापस लौटना स्वीकार नहीं. उनका कहना है कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य की है.
पोस्टर और प्रतीकों से जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अलग-अलग पोस्टर और प्रतीकों के जरिए भी अपना विरोध दर्ज कराया. एक पोस्टर में कथित "रेट चार्ट" दिखाया गया, जबकि दूसरे में नोटों की गड्डियों का चित्र बनाकर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के आरोपों पर सवाल उठाए गए. इन प्रतीकों के माध्यम से छात्रों ने अपनी नाराजगी और पारदर्शी चयन प्रक्रिया की मांग को प्रमुखता से सामने रखा.
इसे भी पढ़ें: 'रांची को दिल्ली का जंतर-मंतर मत बनने दीजिए सर', JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की सीएम हेमंत सोरेन से अपील
जेएलकेएम के मंच से अलग हुए छात्र
आंदोलन के दौरान कुछ छात्रों ने जेएलकेएम के मंच से अलग होकर अपना स्वतंत्र मंच तैयार करने का निर्णय लिया. छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और इसे किसी दल से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. इस दौरान कई छात्रों ने कहा, "हम खांटी झारखंडी हैं, न यूपी से हैं, न बिहार से." उनका कहना था कि उनका संघर्ष केवल झारखंड के युवाओं के अधिकार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और न्यायपूर्ण चयन प्रक्रिया के लिए है.
इसे भी पढ़ें: रांची के मधुकम 50-60 साल से रहने वालों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, अतिक्रमण हटाने का आदेश लिया वापस
