रांची से सुनील कुमार झा की रिपोर्ट
JPSC PT : झारखंड लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) की उत्तर कुंजी में दूसरी बार बदलाव किया है. आयोग ने फाइनल आंसर-की जारी करने के बाद शुक्रवार फिर से संशोधित आंसर-की (उत्तर कुंजी) जारी की है. आयोग ने 26 मई को अंतिम उत्तर कुंजी अपनी वेबसाइट पर अपलोड की थी, जिसके बाद प्रभात खबर ने चार जून को उत्तर कुंजी में आठ सवालों के जवाब गलत होने का दावा करते हुए इसकी खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी.
संशोधित जवाबों के आधार पर जल्द आएगा पीटी रिजल्ट
सिविल सेवा पीटी के पेपर दो में कुल आठ प्रश्नों के जवाब गलत बताए गए थे. आयोग द्वारा जारी संशोधित उत्तर कुंजी में उनमें से छह सवालों के उत्तर बदल दिए गए हैं. जबकि एक सवाल को ड्रॉप कर दिया गया है और एक सवाल का उत्तर पूर्व के अनुरूप ही रखा गया है. आयोग द्वारा जारी उत्तर कुंजी में द्वितीय पत्र के कुल 11 प्रश्नों के उत्तर संशोधित किए गए हैं, जिसमें 9 का उत्तर बदला गया है, वहीं दो प्रश्नों को ड्रॉप कर दिया गया है. आयोग अब संशोधित उत्तर कुंजी के आधार पर एक-दो दिनों में पीटी का परिणाम भी जारी कर देगा. पीटी के परिणाम में सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे.
परीक्षा की टाइमलाइन
झारखंड लोक सेवा आयोग ने 19 अप्रैल को सिविल सेवा पीटी परीक्षा आयोजित की थी. इसके बाद 20 अप्रैल को उत्तर जारी किए गए और 24 अप्रैल तक आपत्ति और सुझाव मांगे गए थे. 26 मई को अंतिम उत्तर कुंजी जारी की गई. अब आयोग ने 19 जून को फिर से संशोधित उत्तर कुंजी जारी की है.
प्रभात खबर में छपी खबर के बाद संशोधित उत्तर
सवाल नंबर-40 : झारखंड का प्रथम तैरता हुई सौर संयत्र कहां अवस्थित है?
पहले का उत्तर : रांची
संशोधित उत्तर : जमशेदपुर
सवाल नंबर-48 : केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 2019-2021 की रिपोर्ट में जैविक ऑक्सीजन मांग के आधार पर निम्न में से कौन सी नदी सबसे अधिक प्रदूषित है?
पहले का उत्तर : दामोदर नदी
संशोधित उत्तर : स्वर्णरेखा नदी
सवाल नंबर-70 : 1952 के विधानसभा चुनावों में झारखंड पार्टी ने उड़ीसा विधानसभा चुनाव में कितनी सीटें जीती थी?
पहले का उत्तर : छह
संशोधित उत्तर : सवाल ड्राॅप
प्रभात खबर ने बताया था कि 1952 के चुनाव में झारखंड पार्टी का लिस्ट में नाम ही नहीं है.
सवाल नंबर- 80 : ‘पुना खोर’ कहानी के लेखक कौन हैं?
पहले का उत्तर : अहलाद तिर्की
संशोधित उत्तर : इंद्रजीत उरांव
सवाल नंबर-81 : किस साहित्यकार को पद्मश्री प्राप्त हुआ है?
पहले का उत्तर : लोहरा उरांव
संशोधित उत्तर : भागवत मूर्मू
सवाल नंबर-83 : रावन वधा के लेखक कौन हैं?
पहले का उत्तर : परमानंद महतो
संशोधित उत्तर : डॉ चंद्रमोहन महतो
सवाल नंबर-84 : रामदयाल मुंडा की रचना ‘एअ नव कानिको’ में कितनी कहानियां हैं?
पहले का उत्तर : नौ
संशोधित उत्तर : सात
सवाल नंबर- 86 : चुटिया राम मंदिर का निर्माण किस वर्ष हुआ था?
पहले का उत्तर : 1685
इस बार भी उत्तर 1685 ही रखा गया. इसमें कोई संशोधन नहीं किया गया.
यह भी पढ़ें: झारखंड सहायक आचार्य परीक्षा 22 जून से, JSSC ने जारी किया एडमिट कार्ड, पढ़ें जरूरी गाइडलाइन
यह भी पढ़ें: झारखंड पारा मेडिकल परीक्षा की तारीख घोषित, ऑनलाइन होगी परीक्षा, JSSC ने जारी की चेतावनी
