रांचीः JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई. छात्रों के बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश के बाद पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज किया. इसके बाद प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने पुलिस की ओर बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं.
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने दावा किया कि आंदोलन में कुछ उपद्रवी तत्व घुस आए हैं, जो माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था और हिंसा या पुलिस से टकराव उनके आंदोलन का हिस्सा नहीं है.
ये भी पढ़ें- JPSC Student Protest: लाठीचार्ज और वाटर कैनन के बाद भी नहीं हटे छात्र, पुलिस पर फेंकी बोतलें
छात्रों ने की आगे नहीं बढ़ने की अपील
तनाव बढ़ने के बाद छात्रों ने प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और आगे नहीं बढ़ने की अपील की. छात्रों का कहना है कि कुछ लोगों की हरकतों से पूरे आंदोलन पर सवाल उठ सकता है. उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और किसी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि नहीं करने की अपील की. वहीं, पुलिस की ओर से भी प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग के आगे नहीं बढ़ने के लिए लगातार समझाया गया.
विधानसभा घेराव के दौरान पुलिसकर्मी घायल
छात्रों द्वारा पुलिस पर बोतल फेंकने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है. जानकारी के अनुसार, छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई है.इस बीच एक पुलिसकर्मी घायल हो गया. मौके पर मौजूद अन्य पुलिस जवानों ने स्थिति को संभाला. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने के साथ ही प्रदर्शन स्थल पर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- JPSC Protest: 'भइया, थोड़ा और प्रेशर मारो न'...वाटर कैनन खुलते ही झूमने लगे आंदोलनकारी छात्र
