रांची से नवीन शर्मा की रिपोर्ट
रांची : झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर जारी विवाद के बीच झारखंड कांग्रेस कोटे से सभी चार मंत्री वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि सरकार छात्रों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है, जबकि बीजेपी इस आंदोलन में दूसरे राज्यों से कैडर बुलाकर इसे उग्र बनाने और राजनीतिक रोटी सेंकने का काम कर रही है.
वित्त मंत्री ने कहा- सदन में चर्चा से भागी बीजेपी
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी छात्रों के मुद्दे पर केवल राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम सभी ने 10 अगस्त को कार्य मंत्रणा समिति में छात्रों के मुद्दे पर चर्चा का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन बीजेपी विधायक सदन में रहने के बजाय सीएम आवास का घेराव करने चले गए. सरकार सदन में तथ्यात्मक चर्चा और छात्रों के हित में निर्णय लेने को तैयार थी. राधा कृष्ण किशोर ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पड़ोसी राज्यों (छत्तीसगढ़, बंगाल, बिहार) से अपने कैडरों को बुलाकर छात्रों के आंदोलन को उग्र बनाया. झारखंड के इतिहास में पहली बार प्रदर्शनकारी विधानसभा के मुख्य गेट तक पहुंचे, लेकिन सरकार की संवेदनशीलता और धैर्य के कारण कोई दमनात्मक कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी के बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया बड़ा दावा
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वे वर्तमान में चल रहे बीजेपी के करतूत से दुखी हैं. डॉ. अंसारी ने बताया वे खुद बिना सिक्योरिटी के गाड़ी चलाकर रात को अस्पताल पहुंचे और भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का हाल-चाल जाना." मंत्री ने दावा किया कि छात्र नेता ने खुद स्वीकार किया कि इस आंदोलन को कुछ तत्वों द्वारा भड़काने की कोशिश की गई है. छात्र सरकार के साथ संवाद चाहती है, लेकिन बीजेपी ने इस प्रदर्शन को हाईजैक कर लिया है.
ये भी पढ़ें: रांची के मधुकम वाले महादेव उरांव को सुप्रीम कोर्ट से भी लगा करारा झटका, आदिवासी जमीन मामले में एसएलपी खारिज
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने CBI जांच को कटघरे में खड़ा किया
कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने निष्पक्षता और सीबीआई (CBI) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. साथ ही उन्होंने छात्रों से माफी भी मांगी. उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा किसी छात्र को हताहत करने नहीं थी. अगर इस दौरान किसी भी छात्र को चोट लगी है तो उसके लिए हम छात्रों से दिल से माफी मांगते हैं." मंत्री ने सीबीआई जांच के मामले में गर्वमेंट का पक्ष रखते हुए कहा कि केंद्र की जांच एजेंसी सीबीआई खुद जांच के मामलों में फेल रही है. उन्होंने JPSC-2 का उदाहरण देते हुए कहा कि उस परीक्षा में हुए जांच की क्लोजर रिपोर्ट अब तक नहीं आई है. बीजेपी जानबूझकर सीबीआई जांच की मांग करवा कर अपने हिसाब से जांच को प्रभावित करना चाहती है.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बोलीं- "आदित्य साहू माफी मांगें"
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर बेबुनियाद आरोप लगाया गया है. दरअसल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा था कि राहुल गांधी के इशारे पर लाठी चली है. इसी बयान के लिए मंत्री शिल्पी नेहा ने आदित्य साहू पर माफी मांगने को कहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस ने केवल SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) का पालन किया था. कोई छात्र लहूलुहान नहीं हुआ है. बीजेपी जंतर-मंतर पर तो छात्रों से नहीं मिलती, लेकिन यहां छात्रों का चोला पहनकर राजनीति कर रही है.
ये भी पढ़ें: JPSC Scam: 70 लाख में अफसर बनाने का खेल, सदस्यों और चेयरमैन पर लगा इंटरव्यू सेटिंग का आरोप
