JPSC-JSSC परीक्षा गड़बड़ी: आक्रोश में अभ्यर्थियों ने निकाला फ्लैशलाइट मार्च,10 अगस्त को विधानसभा मार्च का ऐलान

जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ रांची में छात्रों ने फ्लैश मार्च निकाला. छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल जारी है और 10 अगस्त को विधानसभा मार्च की चेतावनी दी गई है.

रांचीः जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में गुरुवार शाम अभ्यर्थियों ने फ्लैश मार्च निकाला. इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर स्टेडियम परिसर के चारों ओर मार्च किया. इस दौरान अभ्यर्थियों ने जेपीएससी-जेएसएससी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी प्रमुख मांगों को फिर से दोहराया.

छात्र आंदोलन को सोनम वांगचुक का समर्थन

जाने माने शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो संदेश जारी कर आंदोलन के प्रति समर्थन जताया. वहीं, राज्य सरकार से छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए वार्ता करने की अपील की. इधर, सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश गुप्ता भी स्टेडियम पहुंचे और छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया. वहीं, झारखंड से जुड़े देश-विदेश के शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों के संगठन झारखंड एकेडमिक फोरम ने भी दिल्ली में बैठक कर आंदोलन का समर्थन किया.

देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल जारी, 10 को विधानसभा मार्चे की दी चेतावनी

जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती महाअभियान के तहत चल रहा छात्र आंदोलन गुरुवार को भी जारी रहा. वहीं, पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की स्वास्थ्य जांच की गई. चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई. देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यदि राज्य सरकार छात्रों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लेती है, तो 10 अगस्त को छात्र विधानसभा मार्च करेंगे. इधर, प्रदर्शन स्थल पर विधायक जयराम महतो, अरूप चटर्जी, चंद्रदेव महतो के अलावा विनोद कुमार सिंह भी पहुंचे. सभी ने छात्रों से मिल कर समर्थन जताया.

ये भी पढ़ें- झारखंड में मॉनसून सक्रिय, इन जिलों में आज बारिश के आसार

आइसा का विधानसभा मार्च आज

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर राज्यव्यापी प्रतिवाद का ऐलान किया है. इसी कड़ी में शुक्रवार को विधानसभा मार्च किया जाएगा. मार्च बिरसा चौक से शुरू होगा. इसमें आइसा और आरवाइए से बड़ी संख्या में सदस्य हिस्सा लेंगे. वहीं, आइसा की केंद्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी मार्च में शामिल होंगी. प्रतिवाद मार्च की पूर्व संध्या पर आइसा ने सरकार से छात्रों से संवाद करने और उनकी समस्याओं का उचित और स्थायी समाधान करने की मांग की. आइसा की राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने आंदोलनकारी छात्रों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से तत्काल 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने, जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल में पेपर लीक और धांधली में संलिप्त लोगों की पहचान उजागर करने और आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की.

मो जुनैद बोले, छात्रों की लड़ाई में हमेशा साथ खड़े रहेंगे

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित प्रदर्शन स्थल पर गुरुवार को दिनभर सैकड़ों छात्र-युवा जुटे रहे. दोनों मंचों पर युवाओं का अनशन जारी रहा. दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों को भोजन कराने वाले मो जुनैद भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे. उन्होंने अनशन पर बैठे छात्रों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि जहां भी छात्रों को उनकी जरूरत होगी, वे पहुंचेंगे. सरकार को छात्रों की मांगें गंभीरता से सुननी चाहिए और जल्द समाधान निकालना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि रांची में भी वे आंदोलनरत छात्रों के लिए भोजन की व्यवस्था करेंगे.

ये भी पढ़ें- JPSC Scam: स्टूडेंंट्स ने बनाई 11 लोगों की लिस्ट, प्रशासन बोला- 'सिर्फ छात्रों से होगी बात', राहुल गांधी ने किया फोन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अर्चना कुजूर

अर्चना कुजूर एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जो वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कार्यरत हैं. वह झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के साथ-साथ राज्य की प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को कवर करती हैं. अर्चना ने वर्ष 2016 में क्राफ्ट फिल्म स्कूल, रोहिणी (नई दिल्ली) से टीवी जर्नलिज्म एंड न्यूज रीडिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा किया. इसके बाद उन्होंने नोएडा स्थित नेशनल वॉयस न्यूज और इंडिया वॉयस न्यूज चैनल (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) में इंटर्नशिप करने के साथ-साथ व्यावहारिक पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया.

झारखंड लौटने के बाद उन्होंने कशिश न्यूज चैनल में लगभग डेढ़ वर्ष तक आउटपुट विभाग में कॉपी राइटर के रूप में कार्य किया. इसके बाद रांची एक्सप्रेस में एजुकेशन बीट पर रिपोर्टिंग की और प्रिंट पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया. वर्ष 2022 से उन्होंने न्यूज11 भारत और नक्षत्र न्यूज चैनल में लगभग दो-दो वर्षों तक डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए राज्य की राजनीति, शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, योजनाओं और समसामयिक विषयों पर हजारों समाचार और विशेष लेख लिखें.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >