रांची से सतीश सिंह की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड में ट्रेजरी घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि सरकार इस घोटाले को दबाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि स्पेशल ऑडिट के लिए अकाउंटेंट जनरल (एजी) को जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन राज्य सरकार डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी एजी को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा रही है.
ऑडिट में लेटलतीफी और एसआईटी की ‘कछुआ चाल’
प्रतुल ने बताया कि सरकार ने 17 अप्रैल, 2026 को एजी से स्पेशल ऑडिट की अनुशंसा की थी, जिसे एजी ने स्वीकार कर कागजात मांगे थे. कागजात नहीं मिलने से ऑडिट कार्य शुरू ही नहीं हो पाया है, जो सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने सरकार द्वारा गठित एसआईटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाये. श्री शाहदेव ने कहा कि दो महीने बाद भी एसआईटी ने सिर्फ बोकारो जिले का दौरा किया है और वहां की रिपोर्ट भी अभी तक नहीं सौंपी है. पहले चरण में चिन्हित रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और देवघर जैसे अन्य जिलों में जांच की गति अत्यंत धीमी है, जिससे पूरी जांच प्रक्रिया पर संशय बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें: राज्य का ट्रेजरी घोटाला, चारा घोटाले से भी बड़ा : चंपाई सोरेन
लालू के चारा घोटाले से सीख लेने की सलाह
भाजपा प्रवक्ता ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य सरकार को लालू प्रसाद के चारा घोटाले से सीख लेनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि चारा घोटाले के समय भी मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया गया था, जिसके बाद मामला सीबीआई के पास गया और परिणाम सबके सामने है. उन्होंने मांग की कि सरकार एसआईटी जांच के लिए एक निश्चित समय सीमा तय करे और जांच की गति में तेजी लाये. प्रतुल शाहदेव ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि सरकार जांच में पारदर्शिता और तेजी नहीं लाती है, तो इस मामले को अविलंब केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंप देना चाहिए. भाजपा का यह हमला सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड ट्रेजरी घोटाला: वित्त विभाग ने बढ़ाया जांच का दायरा, रांची-रामगढ़ के कर्मी रडार पर
