रांची़ झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा है कि पर्यटन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए राज्य के बेहतरीन फोटोग्राफरों को इस अभियान से जोड़ा जायेगा. मंत्री श्री कुमार गुरुवार को खेल गांव में झारखंड फोटोग्राफी एसोसिएशन सेंट्रल (जेपीएसी) द्वारा आयोजित 53वें झारखंड इमेजिंग एक्सपो के समापन समारोह में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि मंत्री बनने से पहले उन्हें वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी का शौक था. उस वक्त इस तरह का फोटो एक्सपो झारखंड में मिला होता, तो वे भी आज एक बड़ा वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर होते. मंत्री ने कहा कि आज उन्हें काफी खुशी है कि झारखंड के होनहार फोटोग्राफरों ने फोटो प्रतियोगिता में अलग-अलग केटेगरी में 12 फोटोग्राफर द्वारा खींची गयी तसवीर का चयन कर उन्हें झारखंड के इस बड़े मंच पर सम्मानित किया. इससे पूर्व झारखंड फोटोग्राफिक एसोसिएशन सेंट्रल (जेपीएसी) के अध्यक्ष बापी घोषाल ने मंत्री का स्वागत व किया तथा अंगवस्त्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर मंत्री ने एक्सपो में विभिन्न कंपनियों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया. इस एक्सपो में झारखंड के 17 जिलों सहित ओड़िशा, पश्चिम बंगाल, बिहार व हरियाणा के भी फोटोग्राफर शामिल हुए.
पलामू के सैकत चटर्जी को प्रथम पुरस्कार
राजधानी रांची में झारखंड फोटोग्राफिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित फोटो प्रतियोगिता में पलामू के फोटोग्राफर सैकत चटर्जी को प्रथम पुरस्कार मिला है. यह पुरस्कार उन्हें जर्नलिज्म कैटेगरी में दिया गया है. झारखंड फोटोग्राफिक एसोसिएशन के प्रदेश मीडिया प्रभारी अनुज कुमार पांडेय ने बताया कि जर्नलिज्म कैटेगरी में सैकत चटर्जी को प्रथम पुरस्कार मिला है. वहीं चास, बोकारो के सागर परमार द्वितीय और धनबाद के राजकुमार सिंह को तृतीय पुरस्कार मिला है. यह प्रतियोगिता राज्य स्तरीय थी. निर्णायक की भूमिका फोटोग्राफर मानिक बोस और जगदीश सिंह ने निभायी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
