BJP ने बैलेट से निकाय चुनाव कराने का किया विरोध, आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर लगाया बड़ा आरोप

Jharkhand Municipal Elections 2026: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर नगर निकाय चुनाव में बड़बड़ी करने का संदेह जताया है. उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने का विरोध किया है.

Jharkhand Municipal Elections 2026: झारखंड में नगर निकाय चुनावों की घोषणा के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने कहा कि बैलेट पेपर से निकाय चुनाव कराने की घोषणा दरअसल राज्य सरकार की ओर से सत्ता के दुरुपयोग की पूर्व तैयारी को दिखाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव को अपने पक्ष में प्रभावित करने की साजिश रच रही है. आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा के लंबे आंदोलन और न्यायालय के कड़े निर्देशों के बाद राज्य सरकार को आखिरकार दो वर्षों से लंबित नगर निकाय चुनाव कराने की घोषणा करनी पड़ी है. राज्य में 48 नगर निकायों, नगर पंचायत, नगर परिषद और नगर निगम में चुनाव कराए जाने की घोषणा स्वागत योग्य है, लेकिन सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं.

कमजोर जनादेश से घबरा गए हैं हेमंत

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा की मांग रही है कि जिस तरह वर्ष 2018 में दलीय आधार पर और ईवीएम के माध्यम से निकाय चुनाव कराए गए थे, उसी तरह इस बार भी चुनाव होने चाहिए थे, लेकिन हेमंत सरकार ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने का फैसला लेकर अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है. यह निर्णय सत्ता के बल पर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हेमंत सरकार को यह डर सता रहा है कि सत्ताधारी गठबंधन का जनाधार कमजोर हो चुका है. राज्य सरकार की विफलताएं अब बड़े पैमाने पर जनता के सामने उजागर हो रही हैं.

प्रशासन के गलत इस्तेमाल का आरोप

साहू ने कहा कि राज्य में विधि-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है, अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. ऐसे हालात में सरकार दलीय आधार पर चुनाव कराने से बचना चाहती है, क्योंकि उसे अपनी हार साफ दिखाई दे रही है. आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि बैलेट पेपर से चुनाव कराकर राज्य सरकार चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश रच रही है. उन्होंने कहा कि जिस तरह सरकार पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है और अपराधियों को संरक्षण दे रही है, उससे यह स्पष्ट है कि निकाय चुनावों में भी अपने चहेते उम्मीदवारों को जिताने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है.

गड़बड़ी पर कड़ी नजर रखेगी भाजपा

उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त से अपील की कि नगर निकाय चुनाव को भयमुक्त, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाए. साथ ही कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना राज्य निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है. आदित्य साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश स्तर पर चुनाव के दौरान होने वाली किसी भी संभावित गड़बड़ी पर कड़ी नजर रखेगी. यदि पुलिस प्रशासन राज्य सरकार का टूल किट बनकर काम करता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा. भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी.

ये भी पढ़ें…

Jharkhand Civic Elections: झारखंड निकाय चुनाव का हो गया शंखनाद, 23 फरवरी को वोटिंग और 27 फरवरी को काउंटिंग

Jharkhand Civic Elections: झारखंड में निकाय चुनाव का आज बजेगा बिगुल, दोपहर 2 बजे होगा ऐलान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >