बरवाअड्डा थाना में घुसकर सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की व धमकी देने का आरोप, कल घोषित होगा चरणबद्ध आंदोलन
रांची : डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ बरवाअड्डा थाना में दर्ज कांड को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है. एसोसिएशन ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है. मांग पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी गयी है. एसोसिएशन की विभिन्न शाखाओं, जिला बल और सशस्त्र बल के सदस्यों ने आंदोलन के समर्थन में अपनी सहमति दे दी है.
यह भी पढ़ें : पलामू में घूसखोर अधिकारी को 5 साल की जेल, 3 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए थे पूर्व BSO
पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और धमकी का लगाया आरोप
एसोसिएशन की ओर से आरोप लगाया गया है कि डुमरी विधायक बरवाअड्डा थाना में घुस गये और सरकारी काम में बाधा पहुंचायी. इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल करने, धक्का-मुक्की करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अनुसार, मामले में विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसोसिएशन की सभी शाखाओं, जिला बल और सशस्त्र बल के सदस्यों ने आंदोलन पर जाने के लिए सहमति दी है.
एसोसिएशन ने कांड के वरीय पर्यवेक्षक पदाधिकारियों से अनुसंधान में किसी तरह की जानबूझकर देरी नहीं करने का अनुरोध किया है. एसोसिएशन का कहना है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए.
एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव-सह-कोषाध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय ने कहा है कि पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर एसोसिएशन आंदोलन का रास्ता अपनायेगा.
