रांची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी आ गई. रनवे पर पहुंचने के बाद विमान के इंजन में समस्या आने पर पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और विमान को वापस एप्रन पर ले जाया गया. विमान में सवार सभी 161 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया. इसके बाद विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया. मतलब उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई.
रनवे तक पहुंचने के बाद सामने आई तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार इंडिगो की रांची-दिल्ली फ्लाइट सोमवार सुबह 8:30 बजे उड़ान भरने वाली थी. सभी यात्री विमान में सवार हो चुके थे और विमान टेकऑफ के लिए रनवे तक पहुंच गया था. इसी दौरान पायलट ने घोषणा की कि इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान संभव नहीं है.
करीब 40 मिनट तक यात्रियों को विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया. बाद में सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल भवन लाया गया. एयरलाइन की तकनीकी टीम ने विमान की जांच की, लेकिन खराबी दूर नहीं होने पर फ्लाइट रद्द कर दी गई.
दोपहर 2:50 बजे दूसरी फ्लाइट से भेजे गए यात्री
एयरलाइन ने यात्रियों को करीब एक घंटे बाद जानकारी दी कि उन्हें दोपहर 2:50 बजे दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा जाएगा. हालांकि लंबी देरी के कारण 20 से अधिक यात्रियों ने अपने टिकट रद्द करा दिए, जिससे उनके जरूरी कार्यक्रम और कनेक्टिंग फ्लाइट प्रभावित हुए.
यात्रियों ने सुनाई आपबीती
दिल्ली जा रहे यात्री आलोक उरांव ने बताया कि उनकी आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उड़ान रद्द होने से पूरी यात्रा प्रभावित हो गई.
यात्री संजय सिंह ने कहा कि उन्हें दोपहर एक बजे नामीबिया काउंसलेट में एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होना था, लेकिन फ्लाइट रद्द होने के कारण कार्यक्रम रद्द करना पड़ा और टिकट भी कैंसिल कराना पड़ा.
वहीं धीरेंद्र कुमार ने कहा कि तकनीकी खराबी के बाद यात्रियों को काफी देर तक विमान में बैठाए रखा गया, जिससे असमंजस और परेशानी की स्थिति बनी रही.
जमशेदपुर के रंजीत ने बताया कि कंपनी के काम से दिल्ली जा रहे थे. उड़ान रद्द होने के बाद उन्हें दूसरी फ्लाइट का टिकट लेना पड़ा.
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने क्या कहा
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण फ्लाइट रद्द करनी पड़ी. बाद में आवश्यक मरम्मत के बाद शाम करीब पांच बजे विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया गया.
रांची-कोलकाता इंडिगो फ्लाइट भी हुई लेट
सोमवार को इंडिगो की रांची-कोलकाता फ्लाइट भी तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित रही. पुणे से रांची पहुंचने के बाद रूटीन जांच में तकनीकी समस्या सामने आई. मरम्मत के बाद विमान करीब पौने दो घंटे की देरी से सुबह 10:17 बजे कोलकाता के लिए रवाना हुआ.
आधा दर्जन उड़ानें भी रहीं विलंबित
सोमवार को विभिन्न शहरों से रांची आने और रांची से जाने वाली करीब आधा दर्जन उड़ानें भी विलंब से संचालित हुईं. एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई और बेंगलुरु जाने वाली उड़ानों में देरी से यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा. एयरलाइंस अधिकारियों ने एयर ट्रैफिक और तकनीकी कारणों को इसकी वजह बताया.
ये भी पढ़ें...
