रांची. वित्तीय वर्ष 2026-27 में झारखंड में गुणवत्तापूर्ण फल, फूल और टिश्यू कल्चर पौधा सामग्री की आपूर्ति के लिए उद्यान निदेशालय ने 13 नर्सरियों और एजेंसियों को चिन्हित किया है. इन्हें एल-1 दर पर सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. इस संबंध में उद्यान निदेशक ने संबंधित आपूर्तिकर्ताओं से सहमति पत्र मांगा है. कंपनियों से फलदार और फूलों के पौधों की दर का एग्रीमेंट किया जायेगा.
आम की विभिन्न किस्मों के पौधों की एल-1 दर 69 से 80 रुपये के बीच है. मालदा और बंबई की दर 80 रुपये, हिमसागर, कृष्णभोग और रत्नागिरी की 79 रुपये तथा दशहरी, मल्लिका, लंगड़ा और गुलाब खास की दर 78 रुपये निर्धारित की गयी है. आम्रपाली और चौसा की दर 78 और 79 रुपये दर्ज है.
अमरूद, नींबू और लीची के पौधों की भी दर तय
नींबू और सिट्रस की विभिन्न किस्मों के पौधों की एल-1 दर करीब 60.50 से 64 रुपये है. इसमें कागजी नींबू, नेपाली राउंड, कागजी खट्टा और गोंदराज जैसी किस्में शामिल हैं. अमरूद के पौधों की दर 65 से 68 रुपये, जबकि लीची के पौधों की दर 69 से 73 रुपये तक है.
केला के टिश्यू कल्चर पौधों के लिए 21.90 रुपये, अनानास के लिए 36 रुपये और स्ट्रॉबेरी के लिए 20 रुपये की दर दर्ज है. इसके अलावा सपोटा, आंवला, ड्रैगन फ्रूट और जरबेरा के पौधों की दर भी तय की गयी है.
13 नर्सरियों और एजेंसियों से मांगा गया सहमति पत्र
उद्यान निदेशालय ने आदित्य हाई एंड टेक नर्सरी, बालाजी एग्रो सीड्स इंटरप्राइजेज, देबिक बायोटेक प्रा लिमिटेड, एवरग्रीन नर्सरी, ग्रीन गार्डेन इंटरप्राइजेज, ग्रीन गार्डेन लैंड्स्केप एंड होर्टिकल्चर प्रा लिमिटेड, फल उद्योग नर्सरी, प्लांट वैली नर्सरी, प्रकाश सीड्स एंड नर्सरी, राजमहल नर्सरी, शशांका एग्रो टेक प्रा लिमिटेड, शक्ति नर्सरी और वृंदावन नर्सरी से सहमति पत्र मांगा है.
ड्रैगन फ्रूट के लिए एक एजेंसी को ऑफर
ड्रैगन फ्रूट के पौधों की आपूर्ति के लिए उद्यान निदेशालय ने फल उद्योग को सूचीबद्ध करने का ऑफर दिया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार पूरे राज्य में ड्रैगन फ्रूट के पौधों की आपूर्ति के लिए इसी एजेंसी को सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है.
पौधों की गुणवत्ता के मानक भी तय
उद्यान निदेशालय ने पौधों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रजातियों के लिए उम्र, लंबाई, तने की मोटाई और रोगमुक्त होने जैसी शर्तें निर्धारित की हैं. कई फलदार पौधों के लिए 1.5 से 2 वर्ष की उम्र, 20 से 30 मिमी तने की मोटाई तथा स्वस्थ और रोगमुक्त पौधा होने की शर्त रखी गयी है. टिश्यू कल्चर पौधों के लिए भी निर्धारित आयु और आकार संबंधी मानक तय किये गये हैं.
किस पौधे की कितनी दर
| पौधा | दर (रुपये प्रति पौधा) |
| आम | 78-80.25 |
| नींबू/सिट्रस | 60-64 |
| अमरूद | 49-69 |
| लीची | 73 |
| स्ट्रॉबेरी | 20 |
| अनानास | 27 |
| केला | 18.75-21.90 |
| चीकू | 75 |
| आंवला | 74.50 |
| ड्रैगन फ्रूट | 36 |
| जरबेरा | 40-59 |
