गेतलसूद फ्लोटिंग सोलर प्लांट की दूसरी यूनिट जल्द होगी शुरू, दूसरे डैमों में भी खोजी जाएगी संभावना

गेतलसूद फ्लोटिंग सोलर प्लांट की दूसरी 50 मेगावाट यूनिट सितंबर अंत तक शुरू होगी। एमएनआरइ सचिव ने परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए।

रांची. गेतलसूद डैम में निर्माणाधीन 100 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट की दूसरी 50 मेगावाट यूनिट को इसी माह के अंत तक शुरू करने का निर्देश दिया गया है. एमएनआरइ सचिव सह सेकी की अध्यक्ष संतोष कुमार षाड़ंगी ने शुक्रवार को गेतलसूद परियोजना का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर यह निर्देश दिया. प्लांट की पहली 50 मेगावाट यूनिट से फिलहाल बिजली उत्पादन हो रहा है.

दूसरे डैम और नहरों में भी तलाशें संभावना

बैठक में सचिव ने गेतलसूद फ्लोटिंग सोलर परियोजना की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि गेतलसूद का प्लांट सफल रहा है. इसी तर्ज पर राज्य के दूसरे डैमों और नहरों में भी फ्लोटिंग सोलर प्लांट की संभावना तलाशी जानी चाहिए. उन्होंने ऊर्जा विभाग को पीएम कुसुम योजना के तहत अधिक से अधिक घरों तक सौर ऊर्जा पहुंचाने का निर्देश दिया.

बैठक में सेकी के एमडी आकाश त्रिपाठी, ऊर्जा विभाग के सचिव के श्रीनिवासन, जेरेडा के एमडी केके वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

केज फिश फार्मिंग परियोजना का भी निरीक्षण

संतोष कुमार षाड़ंगी ने गेतलसूद डैम स्थित केज फिश फार्मिंग परियोजना का भी निरीक्षण किया. यह परियोजना अक्षय ऊर्जा किसान स्वावलंबी सहयोग समिति लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही है. उन्होंने केज में मछली पालन की तकनीक, प्रबंधन, रख-रखाव और उत्पादन बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी ली.

उन्होंने सतत मत्स्य पालन, वैज्ञानिक प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और बेहतर बाजार समन्वय के जरिये किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया.

किसानों की दूसरी आजीविका गतिविधियों की भी जानकारी

एफपीओ के सीइओ डॉ भूपतिनाथ महतो ने सुगंधित फसलों की खेती, मशरूम उत्पादन और गेंदा फूल की खेती समेत अन्य आजीविका गतिविधियों की जानकारी दी. मौके पर माही राम महतो, डॉ आशीष आनंद, परियोजना समन्वयक शांतिभूषण सिन्हा, लक्ष्मी देवी, रीना कुमारी, शिव प्रसाद, सरिता देवी, सावन नायक, रामकुमार नायक, मनेश्वर नायक, करमी देवी समेत अन्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil Choudhary

सुनील चौधरी प्रभात खबर में विशेष संवाददाता हैं. पिछले 26 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय सुनील चौधरी करीब 25 वर्षों से प्रभात खबर से जुड़े हैं. इससे पहले वे ईटीवी में भी काम कर चुके हैं. खोजी पत्रकारिता, राजनीतिक खबरों, तथ्यपरक विश्लेषण और जमीनी सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाना उनकी पत्रकारिता की पहचान है.

नेशनल गेम के टेंडर में गड़बड़ी, ग्रामीण विद्युतीकरण टेंडर घोटाला, बालू घोटाला और करीब 4,000 करोड़ रुपये के एमएसडी घोटाले जैसे महत्वपूर्ण मामलों को उन्होंने प्रमुखता से उठाया, जिनका व्यापक सामाजिक और प्रशासनिक प्रभाव रहा. मुख्यमंत्री बीट के साथ ऊर्जा, खनन, औद्योगिक विकास, सरकारी योजनाओं, राजनीति और सार्वजनिक नीति से जुड़े विषयों पर वे लगातार खबरें लिखते रहे हैं.

दस्तावेजों और तथ्यों की गहन पड़ताल के साथ जटिल विषयों को सरल और स्पष्ट तरीके से पाठकों तक पहुंचाना उनकी रिपोर्टिंग की खासियत है. राजनीति, एआइ और टेक्नोलॉजी, पावर सेक्टर, उद्योग-खनन और हार्ड न्यूज उनके पसंदीदा विषय हैं. बदलती तकनीक और अर्थव्यवस्था के बीच नीतिगत फैसलों और उनके जमीनी प्रभावों को समझना और सामने लाना उनकी पत्रकारिता का अहम हिस्सा रहा है.

सुनील चौधरी को बीबीसी, पैनोस इंटरनेशनल और झारखंड सरकार की फेलोशिप मिल चुकी है. विभिन्न महत्वपूर्ण और खोजी खबरों के लिए उन्हें कई संस्थानों द्वारा कई बार सम्मानित और पुरस्कृत किया गया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >