JPSC News: सीआईडी की टीम ने सोमवार को एक बार फिर पूरे दिन जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से पूछताछ की. टीडीपीएल के कार्यों की मानिटरिंग जेपीएससी कैसे कर रहा था, ओएमआर शीट बाहर कैसे गयी, कर्नाटक के व्यक्ति ने जो पत्र जेपीएससी को लिखा था, उस पर अध्यक्ष ने क्या कार्रवाई की, नगड़ी थाने में दर्ज शिवशंकर शर्मा की प्राथमिकी की जानकारी जेपीएससी तक पहुंची थी या नहीं, इन सब पर बार-बार खियांग्ते से पूछताछ की गयी. हालांकि, वे स्पष्ट जवाब नहीं दे पाये.
पूर्व अध्यक्ष के बयानों में विरोधाभास
खियांग्ते से इंस्पेक्टर और डीएसपी स्तर के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं. सबसे गंभीर बात यह है कि खियांग्ते ने जो बातें पहले बतायी थीं, उसी संबंध में पूछे जाने पर अब वे अलग जवाब दे रहे हैं. इससे गड़बड़ियों की आशंका बढ़ रही है, साथ ही जेपीएससी की भूमिका भी और सवालों के घेरे में आती जा रही है.
ये भी पढ़ें- झारखंड के आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में खुलेंगी 11 डेटा-एआई लैब, युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
जेपीएससी परीक्षा घोटाले की जांच तेज, पांच जिलों में छापेमारी
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित अनियमितता की जांच कर रही सीआईडी ने सोमवार को रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद जिलों के 18 ठिकानों पर छापेमारी की. सीआईडी ने इसके लिए संबंधित जिलों की पुलिस की भी मदद ली. छापेमारी की कार्रवाई में सीआईडी की अलग-अलग टीमों में कुल मिलाकर 200 से ज्यादा सदस्य शामिल रहे. रांची और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के 2:00 बजे से लेकर सुबह 6:00 बजे तक छापेमारी की कार्रवाई की.
ये भी पढ़ें- अपराध की दुनिया में पलामू के गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंत, 2 सगे भाइयों की हत्या कर आया था सुर्खियों में
ये भी पढ़ें- गैंगस्टर प्रिंस खान के साथ मिलकर सुजीत सिन्हा चलाता था खौफ का साम्राज्य, पाकिस्तान से भी जुड़े हैं तार
