रांची: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने कार्यस्थल पर दुर्घटना में दोनों पैर गंवाने वाले बीमित कर्मचारी रघुनाथ गौरई को आर्थिक सहायता प्रदान की. यह सहायता 24 अगस्त 2026 को ESIC के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची में प्रदान की गई.
ESIC के बीमा आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र) प्रणय सिन्हा ने रघुनाथ गौरई को एकमुश्त 1,13,050 रुपये की राशि प्रदान की. इसके अलावा, नियमों के अनुसार उन्हें 17,850 रुपये प्रतिमाह आजीवन पेंशन का भुगतान किया जाएगा.
हादसे के बाद बीमित कर्मचारी को आर्थिक सुरक्षा देना ESIC की प्राथमिकता
इस अवसर पर बीमा आयुक्त ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना का उद्देश्य श्रमिकों और उनके आश्रितों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है. रोजगार के दौरान दुर्घटना में चोट लगने की स्थिति में बीमित व्यक्ति को आर्थिक संबल उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
आर्थिक सहायता मिलने के बाद बीमित कर्मचारी ने ESIC के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची के प्रति आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में शिवेंद्र कुमार, क्षेत्रीय निदेशक; विनय जायसवाल, सहायक निदेशक अमित रंजन, शाखा प्रबंधक सहित नियोक्ता की ओर से उमेश कुमार ठाकुर और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC पर फैसला आज! पुनर्गठन, परीक्षा सुधार समिति और CGL गड़बड़ी की जांच पर कैबिनेट में हो सकती है चर्चा
