रांची: राजधानी रांची के ओल्ड हजारीबाग रोड स्थित सीताराम सुजुकी के सामने विजयवर्गीय कॉलोनी के पास बुधवार सुबह अपराधी दिनदहाड़े सुशील मोहता (73 वर्ष) के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गये. घटना सुबह करीब छह बजे उनके घर के पास मुख्य सड़क पर हुई. वारदात के बाद बाइक सवार दो अपराधी लालपुर की ओर फरार हो गए. दोनों ने हेलमेट पहन रखा था. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
नाम पूछकर बुजुर्ग को बातों में उलझाया, फिर झपटी चेन
अपराधियों ने पहले दूर से सुशील मोहता से एक व्यक्ति का नाम पूछा. उन्होंने बताया कि इस नाम का कोई व्यक्ति वहां नहीं रहता है. इसके बाद अपराधी कॉलोनी की ओर जाने लगे. बुजुर्ग ने उन्हें बताया कि अंदर का रास्ता बंद है. इस पर बाइक सवार अपराधी वापस मुख्य सड़क की ओर मुड़े. बाइक जैसे ही बुजुर्ग के पास पहुंची, पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली. इसके बाद बाइक की रफ्तार बढ़ाकर दोनों लालपुर की ओर भाग निकले. सुशील मोहता ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे.
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
पीड़ित का पेपर नैपकीन बनाने की यूनिट भी घटनास्थल के पास ही है. बताया गया कि उनका पोता इसी मुख्य सड़क से संत एंथोनी स्कूल की बस पकड़ता है. इसी वजह से घटना के समय वह सड़क पर मौजूद थे. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. फुटेज में बाइक सवार संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
ये भी पढ़ें- JPSC नियुक्ति घोटाला: जिस सिंडिकेट से जुड़ा है अभय, उसका नेटवर्क पूरे देश में, दर्जनों परीक्षाओं में की है गड़बड़ी
