Durand Cup Trophy Tour Ranchi : एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप को लेकर राजधानी रांची में उत्साह चरम पर है. इसी कड़ी में शनिवार को डूरंड कप की चमचमाती ट्रॉफी रांची पहुंचेगी. ट्रॉफी टूर के दौरान इसे शहर के चार प्रमुख स्थानों पर आम लोगों के दर्शन और फोटो सेशन के लिए प्रदर्शित किया जायेगा. फुटबॉल प्रेमी ट्रॉफी के साथ सेल्फी लेने के साथ इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का हिस्सा बनने का अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे.
ट्रॉफी टूर का पूरा कार्यक्रम
आयोजन के तहत ट्रॉफी को सबसे पहले शनिवार दोपहर 3.30 बजे न्यूक्लियस मॉल लाया जायेगा, जहां लोग इसके दीदार कर सकेंगे. इसके बाद शाम 4.30 बजे ट्रॉफी मोरहाबादी मैदान पहुंचेगी, फिर शाम 5.30 बजे फिरायालाल चौक ले जायी जायेगी. शाम 6.30 बजे ट्रॉफी सुजाता चौक पहुंचेगी और वहां से दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन के लिए रवाना होगी. ट्रॉफी टूर के दौरान मोरहाबादी मैदान, फिरायालाल चौक और सुजाता चौक पर आम लोगों के लिए विशेष प्रदर्शन की व्यवस्था की गयी है. आयोजन समिति को इन सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमियों और युवाओं के जुटने की उम्मीद है. इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विशेष तैयारी की गयी है.
ट्रॉफी टूर बनेगा आकर्षण का केंद्र
डूरंड कप के मुकाबले इस वर्ष भी रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जायेंगे. ऐसे में ट्रॉफी टूर का उद्देश्य लोगों के बीच टूर्नामेंट के प्रति उत्साह बढ़ाना और अधिक से अधिक दर्शकों को स्टेडियम तक आकर्षित करना है. राजधानी में फुटबॉल की समृद्ध परंपरा और खेल प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए डूरंड कप का यह ट्रॉफी टूर खास आकर्षण का केंद्र रहेगा.
ये भी पढ़ें: धनबाद के पाथरडीह में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपति पर जानलेवा हमला, पत्नी की मौत, वारदात के लिए डायन-बिसाही को बनाया हथियार
