Durand Cup Ranchi: एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप के रांची चरण के आगाज में अब चंद घंटे ही शेष हैं. पहली बार मेजबानी कर रही राजधानी रांची पूरी तरह फुटबॉल के रंग में रंग चुकी है. आयोजन समिति और जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है, जबकि फुटबॉल प्रेमियों का उत्साह भी चरम पर है. रविवार को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की आर्मी टीम डिफेंडर एफसी के बीच ग्रुप सी का पहला मुकाबला खेला जायेगा. इसके लिए स्टेडियम पूरी तरह तैयार है.
तैयारियां पूरी
मैदान, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियां पूरी कर ली गयी है. रविवार को उद्घाटन मुकाबला शाम पांच बजे से खेला जायेगा. इससे पहले दोपहर 3:50 बजे से 4:50 बजे तक एक घंटे का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जिसमें झारखंड की लोक व जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी.
डिफेंडर एफसी ने किया अभ्यास
उद्घाटन मुकाबले से पहले शुक्रवार को श्रीलंका आर्मी टीम (डिफेंडर एफसी) ने बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जम कर अभ्यास किया. खिलाड़ियों ने कई घंटे मैदान पर बिता कर पिच और स्थानीय मौसम का जायजा लिया. यह टीम पहली बार डूरंड कप में हिस्सा ले रही है और अपने अभियान की शुरुआत रांची से करेगी.
आज पहुंचेगा जमशेदपुर एफसी
रविवार को डिफेंडर एफसी का मुकाबला इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) की टीम जमशेदपुर एफसी से होगा. जमशेदपुर एफसी शनिवार को रांची पहुंचेगा. इस टीम में झारखंड के पांच खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे स्थानीय दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ गया है.
ये भी पढ़ें- JPSC Exam Controversy: सीआईडी ने टीडीपीएल के तीन कर्मचारी को किया गिरफ्तार, रांची के दो होटलों में छापेमारी
ये भी पढ़ें-रांची में पुलिस मुठभेड़: जमीन कारोबारी भार्गव सिंह का हत्यारा सत्यम पाठक ढेर होते-होते बचा
