सिल्ली: डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2026 के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल सिल्ली में आयोजित क्लस्टर-7 की शतरंज प्रतियोगिता गुरुवार को संपन्न हुई. प्रतियोगिता में डीएवी घाटोटांड़, डीएवी कपिलदेव रांची और डीएवी सिल्ली के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में मुकाबले आयोजित किए गए.
खेल ध्वजारोहण और खिलाड़ियों को शपथ दिलाने के बाद प्रतियोगिता की शुरुआत हुई. प्रतियोगिता का आयोजन बिरसा मुंडा डीएवी बुंडू के प्राचार्य तारकेश्वर कुमार और डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी के प्राचार्य प्रशांत कुमार भुंइया की उपस्थिति में किया गया. निर्णायक मंडली में मनमोहन झां, अरुण कुमार और अपूर्व चक्रवर्ती शामिल थे.
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. प्रतिभागियों ने बेहतर रणनीति, धैर्य और एकाग्रता का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया. विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने मेडल देकर सम्मानित किया.
विद्यालय की प्राचार्या बबून शरण ने कहा कि शतरंज विद्यार्थियों में तार्किक सोच, निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करता है. उन्होंने विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
बालक अंडर-14 में डीएवी कपिलदेव प्रथम, डीएवी सिल्ली द्वितीय और डीएवी घाटोटांड़ तृतीय रहा. बालक अंडर-17 में डीएवी सिल्ली प्रथम रहा. बालिका अंडर-19 में डीएवी घाटोटांड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
