रांची: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली व पेपर लीक को लेकर राज्य सरकार और विपक्षी दलों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि इन घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य पर सीधा प्रहार किया है, जिससे पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं.
दीपक प्रकाश ने कांग्रेस और सीजेपी की चुप्पी को युवाओं के साथ विश्वासघात बताया. उन्होंने कहा कि जो दल देश भर में युवाओं के अधिकारों की बात करते हैं, वे झारखंड के प्रतियोगी छात्रों के भविष्य पर मौन क्यों हैं? उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जवाब मांगते हुए कहा कि झारखंड में कांग्रेस समर्थित सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक और धांधली हो रही है, ऐसे में राहुल गांधी की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है.
उन्हें इस मुद्दे पर अपनी राय स्पष्ट करनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार जेपीएससी-जेएसएससी मामलों की समयबद्ध व पारदर्शी जांच कराये और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे. उन्होंने जोर दिया कि भाजपा हमेशा भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती की पक्षधर रही है और युवाओं के हक के लिए संघर्ष जारी रखेगी.
